उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का बुधवार को समापन हो गया। 13 जनवरी से 26 फरवरी तक चले महाकुंभ में 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। यह संख्या अमेरिका की आबादी से दोगुनी है। ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
अमेरिका में द न्यूयॉर्क टाइम्स से लेकर CNN और फ्रांस 24 तक ने 45 दिन के इस आयोजन को प्रमुखता से कवर किया।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने लिखा
महाकुंभ मेले में अमेरिका की पूरी आबादी से ज्यादा तीर्थयात्री आए थे। अनुमान है कि बीते 6 हफ्ते में आधा अरब लोग आए थे। इसके बारे में तीर्थयात्रियों का मानना है कि इससे पाप धुल जाते हैं और मोक्ष मिलता है।
हिंदू मान्यता के मुताबिक देवताओं और राक्षसों के बीच अमृत के लिए लड़ाई के दौरान एक घड़े से अमृत की बूज गिरी थी। यह बूंद जिन चार जगहों पर गिरी थी वहां कुंभ का आयोजन होता है।
पब्लिश डेट- 23 फरवरी 2025
सीएनएन ने लिखा
उत्तरप्रदेश में बुधवार को दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम के समापन पर करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में स्नान किया। पिछले 45 दिनों में 60 करोड़ से ज्यादा लोग कुंभ उत्सव में शामिल हुए। यह रंगों और आस्था की अभिव्यक्ति का एक शानदार नजारा है।
श्रद्धालु अपने पापों से मुक्ति के लिए तीन पवित्र नदियां गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने आए।
पब्लिश डेट- 25 फरवरी 2025
फ्रांस 24 ने लिखा
दो भगदड़ की घटनाओं में दर्जनों लोगों की मौत के बावजूद उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ त्योहार का पीएम मोदी की हिंदू राष्ट्रवादी पार्टी ने एक जीत के तौर पर स्वागत किया। इससे हिंदू संरक्षक के तौर पर गढ़ी गई उनकी छवि को बल मिला है।
मोदी और उनके सहयोगी योगी आदित्यनाथ जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं दोनों का कहना है कि हजारों साल पुराना यह मेला अब तक का सबसे भव्य मेला है।
पब्लिश डेट-26 फरवरी 2025
न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा
महाकुंभ मेला नामक धार्मिक उत्सव हर 12 साल में उत्तर भारत के प्रयागराज शहर में गंगा और यमुना नदियों के तट पर आयोजित होता है। अधिकारियों को इस साल 40 करोड़ लोगों के आने की उम्मीद है, जो अमेरिका की आबादी से भी ज्यादा है।
हाल ही में हिंदू राष्ट्रवाद के उदय के साथ एक महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजन बन गया है, जिसे पीएम मोदी की दक्षिणपंथी राजनीतिक पार्टी का समर्थन है। महाकुंभ मेला दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समारोह है।
पब्लिश डेट-14 जनवरी 2025
डेली गजट ने लिखा
भारत का कुंभ मेला उत्सव बुधवार को समाप्त हो गया। आयोजकों का कहना है कि इसमें करोड़ों श्रद्धालु शामिल हुए हैं। मोदी और उनके सहयोगी योगी आदित्यनाथ जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, जहां यह उत्सव आयोजित किया जा रहा है।
दोनों ने खुद इस उत्सव में हिस्सा लिया। पीएम मोदी ने उस जगह पर स्नान किया जहां गंगा और यमुना नदियों का जल मिलता है। यह उत्सव बुधवार को महा शिवरात्री के त्योहार के दिन समाप्त हुआ।
पब्लिश डेट-26 फरवरी 2025
नेशनल जियोग्राफिक ने लिखा
भारत में गंगा नदी चमकीले रंगों से सराबोर है, क्योंकि लाखों हिंदू तीर्थयात्री संगम तट पर डुबकी लगा रहे हैं और भक्ति की निशानी के तौर पर गेंदे के फूल अर्पित कर रहे हैं। शाम के वक्त मंत्रमुग्ध करने वाला संगीत सुनाई देता है और दिन में मंत्रोच्चार होता है।
महाकुंभ में इस साल लगभग 40 करोड़ तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। जो नदियों में स्नान करके अपने पापों को धोएंगे।
पब्लिश डेट-19 फरवरी 2025
हफिंगटन पोस्ट ने लिखा
कुंभ मेला भारत की चार पवित्र जगहों प्रयागराज, हरिद्वार, नासिक और उज्जैन में आयोजित होने वाला तीर्थयात्रा मेला है। इनमें से हर स्थान का आध्यात्मिक और पौराणिक महत्व है। यह उत्सव 4 जगहों पर 12 साल बाद मनाया जाता है।
हालिया कुंभ मेला 14 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित किया गया। इस दौरान लाखों श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में भाग लेने के लिए गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के त्रिवेणी संगम पर इकट्ठा हुए थे।
पब्लिश डेट-04 फरवरी 2025







