कश्मीर में एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन आधिकारिक तौर पर जनता के लिए खोल दिया गया है। यह गार्डन 55 हेक्टेयर में फैला हुआ है जिसमें की 17 लाख ट्यूलिप फूलों के पौधे है। गार्डन में ट्यूलिप के फूलों के साथ 43 अन्य प्रकार के फूल भी हैं जो की इसकी शोभा और बढ़ाते है। इसे 2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद द्वारा जम्मू और कश्मीर में पर्यटन सीजन को आगे बढ़ाने के लिए स्थापित की गई थी। उन्होंने 50,000 ट्यूलिप बल्बों के साथ बगीचे की शुरुआत की थी।
अब गार्डन में हर साल नेशनल-इंटरनेशनल टूरिस्ट पहुंचते हैं और ये काफी लोकप्रिय स्थल बन गया है। साल 2023 में 3.50 लाख से ज्यादा टूरिस्ट ने यह गार्डन देखा तो वही इस साल 4 लाख से ज्यादा टूरिस्ट पहुंच सकते हैं।
जनता के लिए खुला ट्यूलिप गार्डन
विभाग के आयुक्त सचिव शेख फैयाज अहमद ने बताया कि ट्यूलिप गार्डन को जनता के लिए खोल दिया गया है। विभाग चरणबद्ध तरीके से ट्यूलिप बल्ब लगाता है जिससे फूल एक महीने या उससे अधिक समय तक बगीचे में बने रहें। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जब बगीचा पूरी तरह से खिल जाएगा, तो वहां ट्यूलिप का इंद्रधनुष होगा।
विभाग ने कहा कि इस साल ट्यूलिप की मौजूदा 68 किस्मों में पांच नई किस्में शामिल की गई हैं। इसने दो लाख बल्ब और जोड़कर ट्यूलिप गार्डन का क्षेत्रफल भी बढ़ा दिया है। अधिकारियों ने बताया कि 55 हेक्टेयर में फैले बगीचे में रिकॉर्ड 17 लाख ट्यूलिप बल्ब लगाए गए हैं।
कई फूलों की विविधता को किया जाएगा प्रदर्शित
उन्होंने कहा कि बगीचे में फूलों और रंगों की विविधता को बढ़ाने के लिए अन्य वसंत फूल जैसे जलकुंभी, डैफोडील्स, मस्करी और साइक्लेमेन भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन की स्थापना 2007 में तत्कालीन राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद द्वारा जम्मू और कश्मीर में पर्यटन सीजन को आगे बढ़ाने के लिए की गई थी, जो पहले गर्मियों और सर्दियों तक सीमित था।
साल 2023 में पहुंचे 3.65 लाख से अधिक पर्यटक
नीदरलैंड से आयातित 50,000 ट्यूलिप बल्बों के साथ बगीचे की शुरुआत छोटे पैमाने पर हुई। इसने तुरंत लोकप्रियता हासिल की और इसके चलते हर साल पर्यटकों और ट्यूलिप दोनों की संख्या के मामले में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। पिछले साल घरेलू और विदेशी दोनों तरह से 3.65 लाख से अधिक आगंतुकों ने बगीचे का दौरा किया, जबकि 2022 में यहां 3.60 लाख लोगों की आवाजाही देखी गई।
22 हजार वर्ग फुट अतिरिक्त जोड़ा गया पार्किंग स्थल
ट्यूलिप गार्डन फिल्मों और वीडियो की शूटिंग के लिए भी पसंदीदा स्थानों में से एक है क्योंकि पिछले साल देश भर की कई इकाइयों ने इस साइट पर अपनी परियोजनाओं के कुछ हिस्सों की शूटिंग की थी। अधिकारी ने कहा कि विभाग ने आगंतुकों की सुविधा के लिए लगभग 22,000 वर्ग फुट अतिरिक्त पार्किंग स्थान जोड़ा है।







