पटना के फतुहा में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बयान पर पलवार किया है। उन्होंने कहा कि उनका बयान गले से नहीं उतर रहा है। लालू प्रसाद के आशीर्वाद से नीतीश कुमार सीएम है। यह मैं नहीं मानता हूं।
हमारे मुख्यमंत्री विकास पुरुष के रूप में जाने जाते हैं। एक समय था, जब शाम 7 बजे के बाद कोई नहीं निकल पाता था। वहीं, आज रात 11 बजे तक लोग बाजार में घूमते हैं। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ही देन है।
अशोक चौधरी मंगलवार को फतुहा प्रखंड मुख्यालय परिसर में किए गए सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जो अयोध्या जाएगा, वहीं राम भक्त कहलाएगा। ऐसा नहीं है। भगवान राम कण-कण में हैं। अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार को निमंत्रण पत्र मिला है या नहीं। यह मुझे जानकारी नहीं है। वे खुद बताएंगे।
विविधिता में एकता है देश
उन्होंने आगे कहा कि हमारा देश विविधिता में एकता का देश है। हमारे यहां पूजा होती है। बोला जाता है कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, विश्व का कल्याण हो। हमारे यहां हर धर्म के लोग हैं। हर धर्म की अपनी मान्यता है।
जीतन राम मांझी बड़े राजनीतिक भविष्यवक्ता हैं
पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा था कि राज्य हित में नीतीश कुमार बहुत जल्द बड़ा फैसला लेने वाले हैं। इसके जवाब में अशोक चौधरी ने कहा कि वे बड़े राजनीतिक भविष्यवक्ता हैं। पता नहीं उन्हें किन ग्रंथों से यह जानकारी मिलती है।
नहीं मान सकता, लालू के आशीर्वाद से नीतीश कुमार सीएम हैं
लालू प्रसाद के आशीर्वाद से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। इसपर उन्होंने कहा कि हर पार्टी का अपनी-अपनी सुविधा के हिसाब से गठबंधन होता है। मैं ऐसा नहीं मान सकता कि लालू के आशीर्वाद से नीतीश कुमार सीएम हैं। हमारे मुख्यमंत्री विकास पुरुष के रूप में जाने जाते हैं।
बीजेपी ने मेरी पार्टी को छोड़ा कहां है
बीजेपी ने कहा था कि कांग्रेस ने लालू यादव का करियर खत्म किया, वैसे ही नीतीश का करियर समाप्त कर देगी। इस पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ने मेरी पार्टी को छोड़ा कहां है।
सीएम नीतीश के प्रयासों से महिलाओं को मिला आरक्षण
वहीं, उद्घाटन कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि यहां पंचायती राज व्यवस्था है। मुख्यमंत्री ने लगभग 2000 पंचायत सरकार भवन स्वीकृत किया है। हर एक पंचायत भवन 2 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार के प्रयास से महिला, अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति, जनजाति आदि वर्ग को आरक्षण का लाभ मिला है। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख श्रुति श्री भी मौजूद रहीं।







