कल की बड़ी खबर महंगाई दर और इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन से जुड़ी रही। भारत की रिटेल महंगाई तीन महीने की गिरावट के बाद नवंबर में बढ़कर 5.55% पर पहुंच गई है। वहीं अक्टूबर में इंडस्ट्रियल ग्रोथ 16 महीने के उच्चतम स्तर 11.7% पर पहुंच गई है। इसके अलावा एयर इंडिया ने केबिन क्रू और पायलटों के लिए मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की गई ड्रेस को अनवील किया है।
शेयर बाजार में आज यानी बुधवार (13 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 69,100 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 100 पॉइंट से ज्यादा की गिरावट है। ये 20,800 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में गिरावट और 10 में तेजी देखने को मिल रही है।
आज से 2 IPO में निवेश का मौका
आज 2 इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO ओपन हो गए हैं। डोम्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और इंडिया शेल्टर फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के IPO में 13-15 दिसंबर तक निवेश का मौका मिलेगा। वहीं InoxCVA का IPO 14 दिसंबर को खुलेगा।
मुथूट माइक्रोफिन के IPO का प्राइस बैंड तय
मुथूट माइक्रोफिन ने अपने IPO का प्राइस बैंड 277-291 रुपए/शेयर तय कर दिया है। कंपनी का IPO 18 दिसंबर से 20 दिसंबर के बीच खुलेगा। टोटल इश्यू साइज 960 करोड़ रुपए है। कुल इश्यू साइज में से आधा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व है, वहीं 15% HNIs और बचा हुआ 35% रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।
कल बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले कल यानी मंगलवार (12 दिसंबर) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 377 अंक की गिरावट के साथ 69,551 के लेवल पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 90 पॉइंट की गिरावट रही। ये 20,906 के स्तर पर बंद हुआ था। कल कारोबार के दौरान निफ्टी ने नया ऑल टाइम हाई बनाया। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 21,037.90 का स्तर छुआ।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…
- शेयर बाजार में आज बुधवार (13 दिसंबर) को क्या देखने को मिल सकती है।
- डोम्स इंडस्ट्रीज और इंडिया शेल्टर का IPO आज से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।
- पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. नवंबर में रिटेल महंगाई बढ़कर 5.55% हुई:इसका कारण सब्जियों और फलों की ऊंची कीमतें, अक्टूबर में 4.87% रही थी
भारत की रिटेल महंगाई तीन महीने की गिरावट के बाद नवंबर में बढ़कर 5.55% पर पहुंच गई है। इसका कारण सब्जियों और फलों की ऊंची कीमतें हैं। अक्टूबर में रिटेल महंगाई 4.87% रही थी। वहीं सितंबर में ये 5.02% रही थी।
डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में प्याज की कीमतें महीने दर महीने (MoM) 58% बढ़ीं, जबकि टमाटर की कीमतें 35% बढ़ीं। इसके अलावा आलू की कीमतों में भी नवंबर में 2% की बढ़ोतरी देखी गई।
2. 16 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंची इंडस्ट्रियल ग्रोथ:अक्टूबर में IIP 11.7% रही; मैन्युफैक्चरिंग, माइनिंग और इलेक्ट्रिसिटी सेक्टर का अच्छा परफॉर्मेंस इसका कारण

अक्टूबर में इंडस्ट्रियल ग्रोथ 16 महीने के उच्चतम स्तर 11.7% पर पहुंच गई है। एक साल पहले यानी अक्टूबर 2022 में ये सिकुड़कर 4.1% हो गई थी। वहीं सितंबर में औद्योगिक उत्पादन 5.8% बढ़ा था। मैन्युफैक्चरिंग, माइनिंग और इलेक्ट्रिसिटी सेक्टर के अच्छे परफॉर्मेंस के कारण इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़ी है। मैन्युफैक्चरिंग का आईआईपी में तीन-चौथाई से ज्यादा योगदान है।
अक्टूबर 2023 में भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का आउटपुट 10.4% बढ़ गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में ये 5.8% सिकुड़ा था। माइनिंग सेक्टर के उत्पादन में अक्टूबर में 13.1% की ग्रोथ देखी गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 2.6% थी। इलेक्ट्रिसिटी सेक्टर में अक्टूबर में 20.4% की ग्रोथ हुई। पिछले साल इसी महीने में इसमें 1.2% की ग्रोथ दर्ज की गई थी।
3. एअर इंडिया ने मनीष मल्होत्रा डिजाइन्ड ड्रेस अनवील की:फीमेल केबिन क्रू मॉडर्न टच के साथ ओम्ब्रे साड़ी पहनेंगी, मेल क्रू पहनेंगे बंदगला

टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने 12 दिसंबर को केबिन क्रू और पायलटों के लिए मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की गई ड्रेस को अनवील किया। एयरलाइन की फीमेल केबिन क्रू मॉडर्न टच के साथ ओम्ब्रे साड़ी पहनेंगी, जबकि पुरुष बंदगला पहनेंगे। कॉकपिट क्रू के लिए, क्लासिक ब्लैक सूट डिजाइन किए गए हैं।
मनीष मल्होत्रा ने ड्रेस के साथ पहनने के लिए फुटवियर भी तैयार किए हैं। जहां महिलाएं डुअल-टोन (काली और बरगंडी) ब्लॉक हील्स पहनेंगी, वहीं पुरुष केबिन क्रू आरामदायक ब्लैक ब्रोग्स पहनेंगे। एअर इंडिया के ग्राउंड स्टाफ, इंजीनियरों और सुरक्षा कर्मियों के लिए भी ड्रेस डिजाइन की है। इन्हें अभी अनवील नहीं किया गया है।
फरवरी 2024 में आएगी XUV300 फेसलिफ्ट:इससे पहले अपडेटेड XUV400 EV लॉन्च होगी, सीधा मुकाबला नेक्सॉन और किया सोनेट से

महिंद्रा फरवरी 2024 में XUV300 फेसलिफ्ट की कीमतों की घोषणा करेगी। इससे पहले जनवरी में अपडेटेड XUV400 EV लॉन्च की जाएगी। XUV300 का एक इलेक्ट्रिक वर्जन भी लॉन्च किया जाएगा जो जून 2024 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। फेसलिफ्ट के साथ, महिंद्रा कॉम्पैक्ट SUV मार्केट में अपनी प्रजेंस बढ़ाना चाहती है।
ऑटोकार की रिपोर्ट के मुताबिक, अपडेटेड नेक्सॉन और अपकमिंग सोनेट फेसलिफ्ट से मुकाबले के लिए, XUV300 फेसलिफ्ट में मेजर स्टाइलिंग बदलाव किए गए हैं, खासकर इसके फ्रंट और रियर में। इसके बम्पर और हेडलैम्प असेंबली को बदला गया है। स्टाइलिंग काफी हद तक महिंद्रा की बीई लाइन-अप SUVs से इंस्पायर्ड हैं। ये SUVs 2025 में आएंगी।







