देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. बीते मंगलवार को छत्तीसगढ़ में पहले चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान किया गया तो वहीं मिजोरम के सभी 40 विधानसभा सीटों पर मतदान प्रक्रिया पूरी हुई है. अब मध्य प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण का मतदान बाकी है. वहीं राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत का दावा ठोंकते हुए जमकर चुनाव प्रचार कर रही हैं. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के तीन जिलों में रैली करेंगे.
प्रधानमंत्री सबसे पहले दमोह में रैली को संबोधित किया. अब पीएम मोदी गुना में चुनाव प्रचार करेंगे और सबसे आखिरी में मुरैना में रैली को संबोधित करेंगे. बता दें कि मध्य प्रदेश में 230 सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा. वहीं चुनावी नतीजे 3 दिसंबर को सामने आएंगे. बता दें कि पीएम मोदी ने बीते सोमवार को मध्य प्रदेश के सीधी और छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रैली को संबोधित किया था. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था और अपनी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया. इसके अलावा उन्होंने जनता से कई वायदे भी किए.
छत्तीसगढ़ में सट्टेबाजी तो राजस्थान में कांग्रेस के कुकर्मों की लाल डायरीः पीएम मोदी
मध्य प्रदेश के दमोह में एक सार्वजनिक रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “छत्तीसगढ़ में सट्टेबाजी है और राजस्थान में कांग्रेस के कुकर्मों की ‘लाल डायरी’ है. कांग्रेस का मतलब है ‘बर्बरता की गारंटी’. कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने झूठे वादों की झड़ी लगा दी. पार्टी जानती है कि एमपी के युवा उनके भ्रष्टाचार के ट्रैक रिकॉर्ड के कारण उन पर भरोसा नहीं करते हैं. 2018 में उन्होंने किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था. लेकिन किसानों ने 15 महीने तक इंतजार किया और फिर भी कुछ नहीं किया गया.
मुझे जो सजा मिलनी है, मैं उसे सह लूंगा, लेकिन सेवा करना नहीं छोड़ूंगाः पीएम मोदी
कांग्रेस वाले दो दिन से कह रहे हैं कि मोदी की चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे. मुझे जो सजा मिलनी है, मैं उसे सह लूंगा, लेकिन गरीबों की सेवा करना नहीं छोड़ूंगा. कांग्रेस वालों को अपने बेटे-बेटियों के आगे कुछ नहीं दिखता.
कोरोना काल में आपका बेटा दिन-रात सेवा में लगा रहा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमने कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में लगवाई. दुनियाभर के लोग परेशान थे. कोरोना ने डराकर रखा था. बेटा भी मां से डरता था कि उसे कोरोना न हो जाए. तब आपका बेटा दिन-रात सेवा में लगा हुआ था. मैंने ठाना था कि मैं गरीब के बच्चे को भूखा सोने नहीं दूंगा, इसलिए 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में राशन देने का काम किया.’







