मॉनसून सत्र में मणिपुर पर चर्चा को लेकर संसद में गतिरोध जारी है। राज्यसभा में भारी हंगामे के बीच सदन को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया। सत्ता पक्ष की ओर से राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर चर्चा का प्रस्ताव दिया गया। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने मणिपुर का मुद्दा उठाया। सरकार आज लोकसभा में इंटर-सर्विसेज ऑर्गनाइजेशंस (कमांड, कंट्रोल एंड डिसिप्लीन) बिल पेश करेगी। बिल को मंजूरी के साथ देश में इंटीग्रेटेड थिएटर कमान बनाने का रास्ता साफ होगा।
राज्यसभा में फिर हंगामा, सोमवार तक स्थगित
12 बजे जैसे ही राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई विपक्षी सांसद फिर से शोरगुल करने लगे। इस दौरान पीयूष गोयल कुछ बोल रहे थे लेकिन शोरशराबे के कारण कुछ सुना नहीं जा सका। सत्ता पक्ष अब राजस्थान पर चर्चा हो के नारे लगा रहा है। हंगामा नहीं थमते देख सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी।
विपक्ष के पास तर्क नहीं: अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘संसद के 15 दिन बर्बाद करने के बाद जब इनकी जगहंसाई शुरू हो गई कि दिल्ली के बिल पर सब आए पर न तर्क था न कोई अपनी बात ढंग से रख पाया। अब तक जो विपक्ष ने देश को भ्रमित करने का काम किया है, देश का समय और पैसा बर्बाद करने का काम किया है। विपक्ष भाग रहा है क्योंकि तर्क नहीं है, तथ्य नहीं है।’
हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी विपक्षी सदस्य मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए नियम 267 की तहत बहस की मांग कर रहे थे। सरकार की तरफ से पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर नियम 176 के तहत चर्चा को तैयार है। इसमें राजस्थान के मुद्दे पर भी बहस होनी चाहिए और सभापति इसपर जल्द से जल्द चर्चा कराएं। गोयल की बात के बाद खरगे भड़क गए। उन्होंने कहा कि वह नियम 267 के तहत क्यों चर्चा कराना चाहते हैं इसके लिए उन्होंने तर्क भी दिया है। इसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष में टोकाटोकी शुरू हो गई। जिसके कारण सदन की कार्यवाही को सभापति जगदीप धनखड़ ने 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया
बीजेपी सांसदों पर बरसे सभापति
नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बोलने उठे तो सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा शुरू किया। बीजेपी के सदस्य राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ चर्चा की मांग करने लगे। काफी नारेबाजी पर सभापति धनखड़ ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। फिर सदन को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा में मणिपुर के मुद्दे पर लगातार हंगामा के कारण अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। हालांकि कुछ देर तक सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही चलती रही। मणिपुर के मुद्दे पर विपक्षी सांसद वेल में आकर पोस्टर लहरा रहे थे।
दिल्ली सरकार के अधिकारों और सेवा से जुड़े विधेयक- ‘राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023’ को लोकसभा ने पारित कर दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर पर अब तक संसद नहीं चलने देने वाले विपक्षी दलों के एक्सपोज होने की बात कहते हुए कहा कि इस सत्र में अब तक 9 बिल पास हुए लेकिन तब ये दल मणिपुर को लेकर, पीएम के बयान को लेकर हंगामा करते रहे। लेकिन, जैसे ही सवाल इनके गठबंधन का आया, ये सभी दल मणिपुर भूल कर आज सामने बैठे हैं। उन्होंने कहा कि आज ये विपक्षी दल देश की 130 करोड़ जनता के सामने एक्सपोज़ हो गए हैं कि इन्हें मणिपुर, लोकतंत्र, देश और जनता की नहीं सिर्फ और सिर्फ अपने गठबंधन की चिंता है। ये सभी दल गठबंधन को बचाने के लिए आज यहां एक साथ बैठे हैं। गठबंधन बचाने के लिए ये सारे दल आज अखाड़े में उतर आये हैं।