पूरा बिहार भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। इसी बीच मौसम विभाग ने गुड न्यूज दी है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने ताजा अपडेट में राज्य के कुछ हिस्सों में प्री मानसून बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, मानसून आने में अभी कुछ वक्त बाकी है। लेकिन प्री मानसून बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत के आसार हैं। हालांकि राजधानी पटना, शेखपुरा समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में रविवार को लू चलने की संभावना है। ऐसे में यहां के लोगों को अभी बारिश का इंतजार करना होगा। वहीं जिन इलाकों में बारिश का अलर्ट है वहां तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है। हालांकि बारिश के बाद उमस जरूर परेशान कर सकती है।
रविवार को मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में बिहार के उत्तरी भागों के कई जिलों में मौसम में बारिश होने की संभावना जताई है। दूसरी तरफ पूर्वी-पश्चिमी और दक्षिणी बिहार में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर, पश्चिम बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण में एक या दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है।
वहीं उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी और शिवहर जिलों में एक-दो जगहों पर बारिश होने की बात भी कही जा रही है। बात करें उत्तर पूर्व बिहार की तो सुपौल, अररिया, किशनगंज में भारी बारिश होगी। इसके साथ ही पूर्णिया और कटिहार जिलों में एक दो जगह पर वर्षा होने की संभावना है।







