पटना में गर्मी ने 43 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को 43 साल बाद अप्रैल महीने में 44 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश का सबसे गर्म शहर शेखपुरा रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना में सभी स्कूल अब सुबह 10:45 बजे तक ही खुलेंगे।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य में अगले तीन दिन हीटवेव का अलर्ट है। लोगों को कम से कम तीन दिनों तक भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। शुक्रवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण लू जैसी स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने सूबे अलग-अलग इलाकों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज जिन इलाकों में लू का अलर्ट है उनमें पटना, बांका, खगड़िया और मोतिहारी शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तर-पूर्व और दक्षिण बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भी हीटवेव की चेतावानी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पछुआ और उत्तर पछुआ हवा का प्रभाव समुद्र तल से औसत 6 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है। इस कारण राज्य का मौसम शुष्क बना रहेगा। पूरे राज्य में हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे, झोंके के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।
साल 1980 में 44.6 डिग्री सेल्सियस गया था पारा
मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार कर गया। पटना का अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह अप्रैल महीने में 43 साल का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 43 सालों में इस स्तर पर पटना का तापमान अप्रैल महीने में नहीं पहुंचा था। बता दें कि इससे पहले अप्रैल महीने में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29 अप्रैल 1980 में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
25 जिलों का पारा 40 डिग्री के पार
प्रदेश में मंगलवार को 25 जिलों में 40 के पार पारा दर्ज किया गया। जिसमें शेखपुरा 44.4 डिग्री, पटना 44.1 डिग्री, गया 43.3 डिग्री, भागलपुर 42.7 डिग्री, पूर्णिया 41.4 डिग्री, पश्चिमी चंपारण 42.8 डिग्री, सारण 40.1 डिग्री, दरभंगा 41 डिग्री, सुपौल 41.6 डिग्री, अररिया 40.2 डिग्री, भागलपुर 42.5 डिग्री, रोहतास 43.6 डिग्री, पूर्वी चंपारण 41.8 डिग्री, जमुई 41.2 डिग्री, भोजपुर 42.8 डिग्री, वैशाली 42.5 डिग्री, औरंगाबाद 42.2 डिग्री, खगड़िया और बांका 43.2 डिग्री, कटिहार 41 डिग्री, नवादा 43.3 डिग्री, नालंदा 42.9 डिग्री, सिवान 42.4 डिग्री, समस्तीपुर और सहरसा में 40.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
4 जिलों में सीवियर हीट वेव, 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी बुधवार को भी राज्य भर में लू जैसी परिस्थितियां बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 4 जिलों में सीवियर हीट वेव के लिए ऑल ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पटना, पूर्वी चंपारण खगड़िया और बांका शामिल है।
वहीं 20 जिलों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है, इसमें पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अररिया,औरंगाबाद, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, मुंगेर, जमुई और भागलपुर शामिल है।
इन जिलों में 21-22 अप्रैल को मिल सकती राहत
मौसम विभाग की माने तो 21 अप्रैल को पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है। दूसरी तरफ 22 अप्रैल को पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में एक या दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
जिला प्रशासन ने आपदा राहत टास्क फोर्स को सक्रिय किया
जिला प्रशासन ने आपदा राहत टास्क फोर्स को सक्रिय कर दिया है। जिला स्तरीय 15 विभागों के अधिकारी अलर्ट पर रखे गए हैं। प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने मंगलवार को प्रमंडल के सभी डीएम के साथ इस मसले पर बैठक की। आयुक्त ने कहा कि लू और गर्मी से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
टास्क फोर्स को शहर और ग्रामीण इलाके में पेयजल व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। जगह-जगह प्याऊ संचालित करने को कहा गया है। अस्पतालों में लू से बचाव की दवाएं, ORS और आईवी फ्लूड तथा जीवन रक्षक दवाएं रखने को कहा गया है । लू पीडितों के लिए आईसोलेशन वार्ड तैयार हुआ कि नहीं इसकी भी जिम्मेदारी टास्क फोर्स को दी गयी है।
मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को सुबह छह बजे से 11 बजे तथा अपराह्न तीन बजे से शाम 6.30 बजे तक काम करने को कहा गया है। आशा और आंगनबाडी कार्यकर्ता से लू से बचाव के लिए किए जाने वाले उपाय का प्रचार प्रसार करने को कहा गया है।







