बेगूसराय के बाद अब हाजीपुर में सरेराह फायरिंग की खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि हाजीपुर में बीच सड़क पर अपराधियों की ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है. रविवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने हाजीपुर शहर में ताबडतोड गोलियां चलायीं हैं. बीच सड़क पर फायरिंग करने के बाद अपराधी आऱाम से निकल गये. शुक्र रहा कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की अब तक सूचना नहीं है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस खाली खोखा तलाश रही है.
बाइक पर बैठे-बैठे ही गोली चलाते रहे बदमाश-चश्मदीद
एक दुकानदार ने बताया कि ये घटना पासवान चौक पर हुई। जब में रात 10 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार 2 बदमाशों ने गोलियां बरसाईं। वो 500 मीटर तक फायरिंग करते चले गए। इसके बाद भाग निकले। पहली गोली जब चली मैं छिप गया था। बदमाशों ने बाइक नहीं रोकी। पीछे बैठा एक बदमाश फायरिंग करता रहा।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिस दिशा में बदमाश भागे थे, पुलिस ने उस इलाके की नाकेबंदी कर दी। इसे बाद सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाश नहीं दिखे।
नगर थाना के SI शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि बाजार के CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ चल रही है।
अब आपको बताते हैं कि 7 दिन पहले बेगूसराय में क्या हुआ था। वहां भी इसी तरह हाईवे पर कुछ बदमाशों ने सरेआम गोलियां बरसाई थीं।
पासवान चौक की तरफ से शहर में घुसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार अपराधी रविवार की देर रात पासवान चौक की तरफ से शहर में घुसे. पासवान चौक से आगे मड़ई रोड में एक ही बाइक पर सवार अपराधियों ने ताबडतोड़ गोलियां चलायी. फायरिंग की आवाज सुन आसपास के इलाके में दहशत फैल गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी शहर के बीचोबीच हथियार लहराते औऱ गोलियां चलाते हुए करीब आधे किलोमीटर तक गये.
शहर के बीच हथियार लहरा कर फायरिंग करते अपराधियों के बारे में पुलिस को कोई भनक नहीं लगी. बाद में जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाशी शुरू की. उस रास्ते में भी गयी, जिससे अपराधी भागे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया. नगर थाना पुलिस ने बताया कि पूरे शहर को सील कर दिया गया है. सघन चेकिंग की जा रही है.
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही पुलिस
नगर थाना पुलिस ने बताया कि उसे फायरिंग की सूचना मिली है. पुलिस को सड़क से खाली खोखा मिला है. बदमाशों ने किसी को निशाना बना कर फायरिंग की या दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, इसकी जांच की जायेगी. पुलिस ने फायरिंग वाले इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज देखना शुरू कर दिया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जायेगा.
13 सितंबर को बेगूसराय जिले में हाई-वे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लगभग 25 किलोमीटर तक पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इसमें तेघरा थाना क्षेत्र के अयोध्या चौक के पास गोली लगने से एक शख्स की सड़क पर ही मौत हो गई। वारदात में बछवाड़ा, फुलवरिया, बरौनी और चकिया इलाकों में 10 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।







