बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। पटना समेत 20 जिलों में बुधवार सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है। मौसम शाम तक ऐसा ही रहने वाला है। 20 जिले में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया। इनमें भारी बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में बिहार में बारिश और आकाशीय बिजली से 17 लोगों की जान जा चुकी है।
आकाशीय बिजली और बारिश से बिहार में 24 घंटे में 17 लोगों की जान जा चुकी है। मोतिहारी में 4 , भोजपुर में 4, छपरा में 3, बेतिया में 2, अररिया में 2, बांका में 1 और अरवल में एक की मौत हुई है।
बुधवार सुबह पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, बक्सर, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट है। सहरसा, दरभंगा, मधुबनी, सीवान, सारण, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद और गया जिले में आंधी-बारिश और ठनका गिरने की आशंका है।

पटना, गया, नालंदा, नवादा सहित 19 जिलों में हल्की बारिश के साथ ही वज्रपात होगा। जबकि, सीवान, गोपालगंज, पश्चिम चंपारण में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
बता दें कि बिहार में एक साथ दो हवाओं का सिस्टम सक्रिय है। इसके साथ ही चक्रवाती हवाओं का प्रभाव राजस्थान से बंगाल खाड़ी तक बना हुआ है। जिसकी वजह से उत्तर बिहार के सभी जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार है।

मौसम विभाग के मुताबिक 15 दिनों के बाद बिहार में दो हवाएं एक साथ सक्रिय हुई हैं। जिसमें उत्तर बिहार में पूर्व और दक्षिण-पूर्व और दक्षिण बिहार में पछुआ हवाओं का प्रभाव है।
जिसकी वजह से बिहार के सभी हिस्से में बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके साथ ही तेज हवा, वज्रपात का भी असर दिखाई देगा।

सुबह से शाम तक छाए रहे बादल, बढ़ी उमस भरी गर्मी
पटना में मंगलवार की सुबह से ही बादल छाए हुए थे। इस दौरान रुक-रुक कर 12 से 17 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली और देर शाम तक हल्की बूंदा-बांदी होती रही। जिसके प्रभाव से उमस भरी गर्मी का एहसास रहा।
हालांकि तापमान में गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.4 और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुगौली में एक की मौत
इधर, सुगौली में किशोर रामायण कुमार की की जान चली गयी. पश्चिम चंपारण के नौतन में नारायण महतो व मझौलिया क्षेत्र की रतनमाला पंचायत के वार्ड नंबर 10 में रूखी देवी तथा मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के बसंत राय व मोतीपुर में एक किशोर की मौत हो गयी.
सारण में पांच लोगों की गयी जान
इधर, सारण के भेल्दी व दाउदपुर में ठनके से पांच लोगों की मौत हो गयी. भेल्दी थाना क्षेत्र में विकेश कुमार मांझी, नाजिया खातून, दाउदपुर थाना क्षेत्र के समतापार व कोहड़ा मठिया स्थित पावर सब स्टेशन के मध्य ठनका गिरने युवक ओम पुरी उर्फ छोटू तथा बरेजा गांव में राजकुमार यादव व तरियापुर प्रखंड के टरवा गांव निवासी कलावति देवी और उसकी सात माह की बेटी रोशनी कुमारी की मौत हो गयी.
भोजपुर में दो की मौत
इधर, भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कड़रा गांव व संदेश थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव में किसान व युवक की जान चली गयी. आरा नगर थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा मुहल्ले में किसान वीरेंद्र यादव और अगिआंव बाजार थाने के बघउड नारायणपुर गांव में हरेंद्र पासवान की मौत हो गयी. इधर, नवादा जिले के कौआकोल के फुलडीह में 32 वर्षीय आबिद खान की मौत वज्रपात से हो गयी.
सीएम व डिप्टी सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठनके से मौत पर दुख जताया है. सीएम ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें और आपदा प्रबंधन विभाग के सुझावों का पालन करें. मृतकों के परिजनों को चार–चार लाख मुआवजा दिया जायेगा. इधर, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है.







