बिहार के बेगूसराय जिले से एक बार फिर ‘पकड़वा विवाह’ का मामला सामने आया है. खबरों के मुताबिक यहां एक पशु चिकित्सक का अपहरण कर उसकी जबरन शादी कराई गई. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. जानकारी के अनुसार, तेघरा थाना क्षेत्र के पिधौली गांव के निवासी पशु चिकित्सक सत्यम कुमार झा सोमवार दोपहर मवेशियों के इलाज के लिए गए थे, तभी कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और जबरन एक लड़की से शादी करवा दी.
पिता वीडियो भेजकर दी गई सूचना
सत्यम के पिता सुबोध कुमार झा ने बताया कि जब सत्यम शाम तक घर नहीं लौटा, तो हमने उसकी तलाश शुरू की. इस दौरान वह रात में भी नहीं लौटा। इसके बाद अगले दिन मंगलवार की सुबह मेरे फोन पर एक वीडियो क्लिप आई, जिसमें मेरा बेटा एक लड़की के साथ बैठा था और शादी हो रही थी. जबरिया शादी के शिकार डॉ. के पिता ने इसके बाद तेघरा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
तेघरा थाने के एसएचओ ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि हमें पकड़वा शादी के संबंध में एक शिकायत मिली है. मामले की जांच चल रही है.






