प्रदेश के अलग–अलग जिलों में मौजूद बियाड़ा औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करने के उद्ेश्य से शनिवार को बिहार सरकार के तीन विभागों –उद्योग विभाग‚ पथ निर्माण और परिवहन विभाग के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में सूबे के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन‚ पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन मौजूद थे। इनके अलावा बैठक में उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव बृजेश मेहरोत्रा‚ पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत‚ परिवहन विभाग की कमिश्नर सीमा त्रिपाठी और एनएचएआई‚ बियाड़ा‚ पथ निर्माण विभाग‚ परिवहन विभाग के संबंधित वरीय अधिकारी मौजूद थे।
पथ निर्माण विभाग के सभागार में हुई इस अहम बैठक के बाद उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि सूबे के अलग–अलग जिलों में मौजूद कई औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के चौड़ीकरण की जरूरत है ताकि भारी वाहनों की भी आवाजाही आसान हो सके। उन्होंने कहा कि बियाड़ा औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से नए उद्योग लगाने की कवायद चल रही है। कुछ औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों की चौड़ाई ७ मीटर तक बढ़ने की जरूरत है। इस बाबत मीटिंग में विस्तार से चर्चा हुई है। कई औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों को बेहतर करने पर सहमति बनी है। इन कार्यों को तेजी से आगे बढ़ने के लिए कार्ययोजनाओं पर जल्द काम होगा।
बैठक में बियाड़ा के जिन औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के चौड़ीकरण पर चर्चा हुई उनमें शामिल हैं– वारिसलीगंज चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ बनमनखी चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ लोहट चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ हथुआ चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ सुगौली चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ सकरी चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ गोरौल चीनी मिल प्रक्षेत्र‚ बेगूसराय ग्रोथ सेंटर‚ न्यू सीवान चीनी मिल‚ गुरारू चीनी मिल‚ गया औद्योगिक क्षेत्र व अन्य।







