प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने नीतीश सरकार पर कई मामलों को लेकर तीव्र प्रहार किया। उन्होंने कहा कि १६ साल सत्ता में रहने के बाद भी नीतीश कुमार को यह बात समझ नहीं आई कि लोकतंत्र में जनता सेवा‚ सुरक्षा और विकास कार्यों के लिए सरकार चुनती है‚ हर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं।
तेजस्वी ने कहा कि नीतीश सरकार व राजद शासनकाल के १५ वर्षों के अपराध के आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन करना चाहिए। इससे भ्रम दूर होने के साथ–साथ मन‚ दिल और दिमाग के कपाट खुल जाएंगे। मैंने अनेक बार विधानसभा में सबूत सहित आंकड़े़ पेश किए लेकिन उन्होंने कभी भी गृह विभाग के मंत्री के नाते मेरे सवालों का जवाब नहीं दिया। क्योंकि उनके पास जवाब है ही नहीं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि पूर्णिया में नवनिर्वाचित जिला पार्षद के पति रिंटू सिंह की नीतीश सरकार की मंत्री के भतीजे ने खुलेआम हत्या करवा दी पर सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। विश्वजीत उर्फ रिंटू सिंह पुलिस को मंत्री लेशी सिंह और उनके भतीजे से अपने जान के खतरे को लेकर लिखित आवेदन दे चुके थे‚ पर नीतीश कुमार की पुलिस ने ना तो मामला दर्ज किया और ना ही उन्हें सुरक्षा प्रदान की।
मधुबनी के फ्रीलांस पत्रकार व आरटीआई एक्टिविस्ट अविनाश झा की भी दो दिन लापता रहने के बाद संदिग्ध हालत में लाश मिली है। सभी का मानना है कि अस्पताल माफिया के विरुद्ध आवाज उठाने पर सरकार में बैठे लोगों ने उनकी हत्या करवाई है। चार दिन पहले शिवहर में बिहार के पूर्व मंत्री रघुनाथ झा के भतीजे नवीन झा की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। यहां जब रसूखदार और सत्ता के करीबी सुरक्षित नहीं हैं तो सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले और आम आदमी कहां से सुरक्षित रहेंगेॽ तेजस्वी यादव ने कहा कि चंद दिन पूर्व मोतिहारी में पुलिस हिरासत में छात्रा की मौत हुई। जेड़ीयू पुलिस के पास कोई जवाब नहीं। छठ पूजा के दिन नालंदा में २३ वर्षीय युवती के साथ गैंगरेप किया गया। जदयू के वाल्मीकिनगर से विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने जिला पार्षद दयानंद वर्मा की बीच बाजार में गोली मारकर हत्या करवा दी। उनकी पत्नी न्याय के लिए जगह जगह भटक रही है पर न्याय मिलेगा कैसे। पटना के गुप्ता ब्रदर्स के अपहरण की बात तो पटना की ही है। लापता गुप्ता बंधुओं की कहीं कोई खबर नहीं है।







