- इन जिलों में होगी भारी बारिश मौसम केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भारी बारिश हो सकती है. इसलिए यहां ऑरेंज अलर्ट रखा गया है.
- दूसरी तरफ सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद में येलो अलर्ट है. इन सभी जिलों में तेज बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने का भी खतरा है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पटना में शुक्रवार को तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। फुलवारीशरीफ में 57.4 मिमी और पटना एयरपोर्ट पर 50.4 मिमी बारिश हुई।
आगे कैसा रहेगा मौसम….
विभाग ने दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पश्चिम बिहार में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी है। भभुआ, रोहतास और सीवान में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वानुमान के अनुसार अलग-अलग चरणों में कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने निचले इलाकों में जलजमाव और तेज हवा-वज्रपात से सतर्क रहने, खुले स्थान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
एक्सपर्ट ने कहा- मानसूनी सिस्टम के कारण बदला मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार के ऊपर से मानसून ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र मजबूत है। इससे प्रदेश में नमी वाली हवा आ रही है और भारी बारिश की संभावना बन रही है।
यही वजह है कि एक ही समय में कुछ जिलों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि दूसरे जिलों में उमस और गर्मी बनी रह सकती है।
38% कम बारिश, अब तक 380 मिमी रिकॉर्ड
बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। अब तक करीब 640 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 380 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड हुई है। यानी सामान्य से 38% कम है। IMD के ताजा आंकड़ों में भी राज्य के कई जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम दर्ज की गई है।







