उम्मीदवार बदलने के झटके से उबर कर भाजपा अब फुल फॉर्म में आ चुकी है। सोमवार की शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंचे। आते ही बैठकों का दौर शुरू कर दिया। नितिन नवीन के आवास पर बूथ अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। नितिन नवीन इसी माइक्रो लेवल मीटिंग के लिए जाने जाते हैं। यही जमीनी ताकत उनकी लगातार जीत का आधार रही थी।
NDA में दिखी गजब की दोस्ती
एनडीए के घटक दल भी भाजपा की जीत के लिए कमर कस चुके हैं। एनडीए की एकता देखते बन रही है। दोस्ती का आलम ये है कि जदयू के दफ्तर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाषण कर रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के नामांकन के समय सभी पांचों सहयोगी दलों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद थे। एनडीए की इस एकजुटता से कार्यकर्ताओं में जोश दिख रहा है।
पांच दलों की ताकत ने फूंका जोश
नीरज सिन्हा के प्रचार में एनडीए का पूरा परिवार ताकत लगाए हुए है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पटना साहिब के सांसद रवि शंकर प्रसाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, रालोमा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पांच दलों की ताकत से भाजपा अब पहले से बेहतर स्थिति में नजर आ रही है।
बांकीपुर में चुनाव प्रचार अभियान तेज
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद चुनाव प्रचार अभियान भी तेज हो गया है। भाजपा का मुकाबला जनुसराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता से है। चूंकि, प्रशांत किशोर पहली बार खुद चुनाव लड़ रहे हैं इसलिए रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को नामांकन के बाद जब प्रशांत किशोर रोड शो करते हुए छज्जूबाग गोलंबर के पास पहुंचे तो वहां पहले से भाजपा के कार्यकर्ता प्रचार अभियान चला रहे थे।
छज्जूबाग में भाजपा का जन सुराज से आमना-सामना
छज्जूबाग गोलबंर के पास प्रशांत किशोर के जुलूस का भाजपा कार्यकर्ता से सामना हो गया। इस मौके पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे को अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। आमने-सामने का मामला होने के कारण कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति हो गई। भाजपा के कार्यकर्ता प्रशांत किशोर को देख कर जय श्रीराम का नारा लगाने लगे। नीतीश-मोदी-सम्राट जिदाबाद ! का नारा गूंजने लगा। इसके जवाब में जनसुराज के तरफ से भी नारा लगा, जय बिहार! जय-जय बिहार! अब बिहार बदलने की बारी है। लेकिन गनिमत रही कि मामला केवल नारा लगाने तक ही सीमित रहा। प्रशांत किशोर का नारा लगाते हुए आगे बढ़ गया।
नीरज पहले थे पहले बूथ अध्यक्ष, आम जनता से जुड़ाव
भाजपा के प्रत्याशी नीरज सिन्हा खुद जमीन से जुड़े नेता हैं। वे पहले भाजपा के बूथ स्तर के संगठन के अध्यक्ष थे। फिर मंडल अध्यक्ष बने। मंडल अध्यक्ष जैसे प्राथमिक पद पर रहते हुए उन्हें विधायकी का टिकट मिला। वे बांकीपुर की आम जनता से जुड़े हुए नेता हैं। प्रचार के दौरान आम लोग उनका समर्थन कर रहे हैं।






