बिहार सरकार ने शुक्रवार को 10 आईएएस (IAS) अधिकारियों का तबादला करते हुए कई अहम विभागों में बड़ा फेरबदल किया है. जारी अधिसूचना के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. वरिष्ठ IAS अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का प्रधान सचिव बनाया गया है. आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. प्रशासनिक हलकों में इसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि मंत्रिमंडल सचिवालय राज्य सरकार के सबसे अहम विभागों में गिना जाता है.
IAS कुंदन कुमार को गृह विभाग में बड़ी जिम्मेदारी
वहीं सम्राट सरकार ने कुंदन कुमार को गृह विभाग का सचिव नियुक्त किया है. बता दें, बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने गृह विभाग अपने पास ही रखा है. दरअसल गृह विभाग राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण से जुड़ा सबसे संवेदनशील विभाग माना जाता है. ऐसे में इस नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है.
राजस्व और वित्त विभाग में नई तैनाती
सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का सचिव बनाया गया है. वहीं राजीव श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है. एक साथ कई बड़े अधिकारियों के तबादले के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. माना जा रहा है कि सरकार आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर और भी बड़े फैसले ले सकती है.







