पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे आने के 4 दिन बाद शुक्रवार को नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। बीजेपी ने गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
दोनों नेता दोपहर 2 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। मीटिंग में सीएम का ऐलान किया जा सकता है। नए सीएम का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के परेड ग्राउंड में होगा।
सीएम बनने की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे हैं। सुवेंदु ने ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। इसके अलावा वे नंदीग्राम से भी चुनाव लड़े थे। वहां भी उनको जीत मिली।
पश्चिम बंगाल के 2026 के विधानसभा में चुनाव प्रचंड जीत मिलने के बाद आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में आज नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी सह-पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, बैठक कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम चार बजे होगी। इसी बैटख में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो राज्य का नया मुख्यमंत्री बनेगा।
कल परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने बुधवार को घोषणा की थी कि राज्य में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया था कि यह कार्यक्रम कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शपथ समारोह में प्रधानमंत्री, एनडीए व भाजपा के सभी मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। दो दर्जन मंत्री भी शपथ लेंगे।
बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान के बाद चार मई को मतों की मतगणना हुई। जिसमें तृणमूल कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल लंबे शासन का अंत हो गया। आंकड़ों की बात करें तो टीएमसी को मात्र 80 सीटें मिली हैं, जबकि पिछले चुनाव में पार्टी ने अकेले 215 सीटों हासिल की थी। जबकि भाजपा जिसे पिछले चुनाव में मात्र 77 सीटें मिली थी, उसने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर कब्जा जमाया है।
कोलकाता का ब्रिगेड ग्राउंड तैयार
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के गठन को लेकर पार्टी इसे बड़े सांस्कृतिक और राजनीतिक आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी में है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
ब्रिगेड ग्राउंड में कैसी चल रही तैयारियां?
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार ब्रिगेड ग्राउंड में विशाल मंच तैयार किया जा रहा है, जहां एक बड़ी दुर्गा प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। मंच के आसपास बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने वाले कई प्रतीक और प्रतिष्ठित हस्तियों के चित्र लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर दर्जनों फूड स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, जहां झालमुड़ी, रसोगोला और संदेश जैसे पारंपरिक बंगाली व्यंजन परोसे जाएंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ शपथ ग्रहण नहीं बल्कि बंगाली संस्कृति के उत्सव जैसा आयोजन होगा।
भाजपा को बंगाल की संस्कृति से अलग बताने वाले हुए गलत साबित
एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कहा कि कई लोग भाजपा को बंगाल की संस्कृति से अलग बताते थे। जनता ने भारी जनादेश देकर उनके दावों को गलत साबित कर दिया। अब यह ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह बंगाली संस्कृति के बड़े उत्सव में बदलेगा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय
शहर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद ने गुरुवार को ब्रिगेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। पुलिस, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों की कई टीमें लगातार मैदान का निरीक्षण कर रही हैं।
बारिश होने की संभावना
हालांकि, तैयारियों के बीच मौसम सबसे बड़ी चिंता बन गया है। बंगाल इस समय बारिश के दौर से गुजर रहा है और मौसम विभाग ने शनिवार सुबह तेज हवाओं, गरज और बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। गुरुवार को भी कोलकाता के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे ब्रिगेड ग्राउंड के बड़े हिस्से में पानी भर गया और जगह-जगह कीचड़ फैल गया। इसी वजह से वैकल्पिक आयोजन स्थल के तौर पर नेताजी इंडोर स्टेडियम पर भी विचार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस पर अंतिम फैसला शुक्रवार दोपहर तक लिया जा सकता है।