बिहार की राजनीति में आज जब नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण की खबरें सुर्खियां बटोर रही थीं, तब एक नाम की अनुपस्थिति ने सबसे ज्यादा चौंका दिया है. भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का नाम इस बार की मंत्री सूची से नदारद है. कई सरकारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले और पार्टी के संगठन में ‘संकटमोचक’ माने जाने वाले मंगल पांडे को ड्रॉप किया जाना आम लोगों को जरूर हैरान कर रहा है. लेकिन, राजनीति के जानकारों की नजर से देखा जाए तो यह केवल एक प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि भाजपा की सोची-समझी दूरगामी रणनीति का हिस्सा है.
पार्टी संगठन में बड़ी भूमिका की तैयारी?
मंगल पांडे को मंत्रिमंडल से बाहर रखने के पीछे सबसे प्रबल तर्क जो सामने आ रहा है, वह यह कि भाजपा उन्हें अब सरकार के बजाय संगठन में किसी बड़ी जिम्मेदारी के लिए तैयार कर रही है. बता दें कि मंगल पांडे न केवल बिहार भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं, बल्कि हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में प्रभारी के तौर पर भी उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की है. अब जब 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद अब भाजपा 2029 के लोकसभा चुनाव और संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की योजना बना रही है. वहीं, चर्चा यह भी है कि संभव है कि उन्हें राष्ट्रीय महासचिव या किसी बड़े राज्य का चुनाव प्रभारी बनाकर भेजा जाए. हालांकि, एक और चर्चा यह भी है कि संभव है कि उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल का हिस्सा बनाया जाए.
नए चेहरों को मौका और पीढ़ीगत बदलाव
वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार शर्मा कहते हैं कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भाजपा अब ‘नया बिहार भाजपा’ की छवि पेश करना चाहती है. मंगल पांडे जरू लंबे समय से सत्ता का चेहरा रहे हैं, लेकिन इस बार मिथलेश तिवारी और नीतीश मिश्रा जैसे ब्राह्मण चेहरों को तरजीह देकर भाजपा ने यह संदेश दिया है कि वह नई लीडरशिप को आगे बढ़ाना चाहती है. दरअसल, पार्टी के भीतर एक बड़े वर्ग का मानना है कि पुराने चेहरों के स्थान पर नए और ऊर्जावान चेहरों को लाने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होता है. ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी अब इस दिशा में आगे बढ़ चुकी है.
जातिगत संतुलन और ‘सोशल इंजीनियरिंग’
बिहार की राजनीति में ब्राह्मण समाज भाजपा का कोर वोटर रहा है. मंगल पांडे इसी समाज से आते हैं. हालांकि, इस बार मंत्रिमंडल में सवर्णों के बीच संतुलन बनाने के लिए भाजपा ने अन्य चेहरों पर दांव खेला है. मिथलेश तिवारी जैसे नेताओं को आगे लाकर पार्टी ने उत्तर बिहार के अपने समीकरणों को नए सिरे से साधने की कोशिश की है. ऐसे में मंगल पांडे को ड्रॉप करना सामाजिक समीकरणों को रिफ्रेश करने की एक कवायद भी हो सकती है.
एंटी-इंकम्बेंसी और परफॉरमेंस का दबाव
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में मंगल पांडे का कार्यकाल काफी लंबा रहा है. लंबे समय तक एक ही विभाग या सरकार में रहने से अक्सर ‘एंटी-इंकम्बेंसी’ का खतरा रहता है. पार्टी नेतृत्व शायद यह चाहता था कि स्वास्थ्य या अन्य महत्वपूर्ण विभागों में नए विचार और नई कार्यशैली आए. कई बार संगठन यह भी महसूस करता है कि अनुभवी नेताओं का उपयोग सरकार के बजाय आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने में ज्यादा बेहतर तरीके से किया जा सकता है.
अंत नहीं, नई शुरुआत का संकेत
मंगल पांडे का मंत्रिमंडल से बाहर होना उनके राजनीतिक करियर का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा सकती है. भाजपा में यह परंपरा रही है कि कद्दावर नेताओं को अक्सर सरकार से हटाकर संगठन के उन जटिल कार्यों में लगाया जाता है जहां अनुभव की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी आने वाले दिनों में उन्हें दिल्ली की राजनीति में क्या भूमिका सौंपती है.







