मथुरा में फरसा वाले बाबा की हत्या को लेकर मामला गरमा गया है. गुस्साई भीड़ ने हत्या के विरोध में पुलिस पर जमकर पथराव किया. इस दौरान पुलिस को मौके से किसी तरह से भागना पड़ा. भीड़ की ओर से पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं. वहीं उग्र भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगा दिया. इसके चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं और यातायात कई घंटे प्रभावित रहा. दरअसल, मथुरा के थाना कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचल मौत हो गई, जिसके विरोध में शनिवार तड़के छाता में दिल्ली-आगरा हाईवे पर गौरक्षकों ने जाम लगा दिया था और जमकर बवाल काटा.
मथुरा की घटना का सीएम योगी ने लिया संज्ञान, मृतक के परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के कोसीकलां में हुई घटना का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतक फरसे वाले बाबा के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की है. साथ ही घटनास्थल पर अधिकारियों को तत्काल पहुंचने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने घटना में संलिप्त अपराधियों का जल्द पता लगाकर के उनके प्रति कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अपराधी किसी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबा चंद्रशेखर को क्षेत्र में गौ-तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी। वे अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। नवीपुर के समीप तस्करों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए अपनी गाड़ी बाबा के ऊपर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए छाता पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बरसाना की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर सघन नाकाबंदी कर दी गई है ताकि फरार आरोपियों को पकड़ा जा सके।
फरसा वाले बाबा की हत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षा से जुड़े विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर की गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार मथुरा के ब्रज क्षेत्र में विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग “फरसा वाले बाबा” के नाम से जानते थे. उनकी कथित गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी. यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास हुई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंद्रशेखर बाबा को गोतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बाइक से संदिग्ध तस्करों का पीछा करने निकल पड़े. बताया जा रहा है कि जब उन्होंने तस्करों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें कुचलने की नीयत से तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर मोड़ दिया. इस भीषण टक्कर में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.







