ईरान के सुप्रीम लीडर सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की रविवार को मौत की पुष्टि होने के बाद पूरे मिडिल-ईस्ट में बड़ी जंग छिड़ गई है। ईरानी मिसाइलों ने अब मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी सैन्य बेस पर और अधिक शक्तिशाली हमले करने शुरू कर दिए हैं। हालांकि खामेनेई की शनिवार के हमले में ही मौत हो गई थी, जिसकी पुष्टि आज ईरान की सरकारी मीडिया ने की। ईरान ने दुबई एयरपोर्ट, बुर्ज खलीफा और बहरीन, कुवैत में अमेरिकी सैन्य बेस को रविवार को दोबारा निशाना बनाया। इधर आबूधाबी का इंटरनेशनल एयरपोर्ट सोमवार तक के लिए हमले के बाद बंद कर दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ ईरान लगातार इजरायल समेत पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी बेस पर हमले कर रहा है। दूसरी तरफ ईरान से बगदाद तक लोग खामेनेई की मौत का मातम मनाने सड़कों पर उतर आए हैं।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन टकराया है। घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। एक दिन पहले बुर्ज खलीफा के पास भी ब्लास्ट हुआ। इसका वीडियो भी सामने आया है। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु दुबई में फंसी हुई हैं।
उन्होंने X पोस्ट में लिखा- यहां हर घंटे हालात और डरावने होते जा रहे हैं। एयरपोर्ट पर जहां हम ठहरे थे, उसके करीब विस्फोट हुआ। हम वहां से भागे। सिंधु के अलावा एक्ट्रेस सोनल चौहान भी दुबई में हैं। उन्होंने X पोस्ट में पीएम मोदी से मदद मांगी है।
एअर इंडिया ने आज 22 और इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द कीं। एक दिन पहले 28 उड़ानें रद्द की गई थीं। एविएशन मिनिस्ट्री के मुताबिक भारतीय एयरलाइंस की 444 इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द हो सकती हैं। एयरलाइन इंडिगो ने भी अपनी कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट को 2 नंबर रात 11.59 तक सस्पेंड किया है।
इधर, दिल्ली में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर से हजारों यात्री अपनी फ्लाइट के इंतजार में हैं। कईयों ने दिल्ली और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रात गुजारी। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ में खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
लाइव अपडेट्स
भारत में ईरान एम्बेसी बोली- खामेनेई की हत्या की माफी नहीं
भारत में ईरान के दूतावास ने रविवार को ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत पर दुख जताया। दूतावास ने इसे ‘अक्षम्य अपराध’ करार देते हुए कहा कि दुनिया भर की सरकारों से इसकी निंदा करें।
महाराष्ट्र के पुणे के 84 स्टूडेंट दुबई में फंसे
महाराष्ट्र के पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 MBA स्टूडेंट्स दुबई में फंसे हुए हैं। यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. जनार्दन पवार ने कहा- हमारे 84 स्टूडेंट्स वहां फंसे हुए हैं। हर साल हम अपने MBA स्टूडेंट्स को एकेडमिक एक्सपोजर के लिए दुबई ले जाते हैं। हम यह 15 सालों से कर रहे हैं। अभी 42 लड़कियां और 42 लड़के दुबई में हैं। वे अपने होटल में सुरक्षित हैं और हम उनके संपर्क में हैं। हम MEA के संपर्क में भी हैं।
एअर इंडिया की 50 इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द
मिडिल ईस्ट में जारी संकट और कई देशों के एयरस्पेस बंद होने के चलते एयर इंडिया ने रविवार के लिए 22 और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 50 विदेशी उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।
नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक मिडिल ईस्ट में एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण 1 मार्च को भारतीय एयरलाइंस की 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द होने की आशंका है।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने कहा कि क्षेत्र में तेजी से बदलती स्थिति की करीबी निगरानी और आकलन के बाद निर्धारित उड़ानों में और कटौती करने का फैसला लिया गया है।
INDIGO ने कहा है कि मिडिल ईस्ट एयरस्पेस का उपयोग करने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन 2 मार्च 2026 की रात 11:59 बजे (IST) तक बढ़ा दिया गया है।
आज रद्द की गई एयर इंडिया की उड़ानें
मुंबई–लंदन (AI131 / AI130)
दिल्ली–बर्मिंघम (AI113 / AI118)
दिल्ली–एम्स्टर्डम (AI155 / AI156)
दिल्ली–ज्यूरिख (AI151 / AI152)
दिल्ली–मिलान (AI137 / AI138)
दिल्ली–विएना (AI153 / AI154)
बेंगलुरु–लंदन (हीथ्रो) (AI133 / AI132)
दिल्ली–कोपेनहेगन (AI157 / AI158)
दिल्ली–लंदन (हीथ्रो) (AI2017 / AI2018)
दिल्ली–लंदन (हीथ्रो) (AI2015 / AI2016)
दिल्ली–फ्रैंकफर्ट (AI2029 / AI2030)
कई देशों का एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद
ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले के चलते कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिससे दुनियाभर की फ्लाइट्स प्रभावित हुईं
भारत ने भी घोषणा की है कि लंदन, टोरंटो, फ्रैंकफर्ट, पेरिस और शिकागो के लिए उसकी सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
DGCA ने भी एयरलाइंस को 11 देशों के एयरस्पेस से बचने की सलाह दी है। यात्रियों को एयरपोर्ट न जाने और अपनी एयरलाइंस से ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
UAE, कतर, बहरीन और कुवैत ने कुछ समय के लिए अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया था, जिससे एयरलाइंस को सावधानी के तौर पर सर्विस कैंसिल, रीरूट या सस्पेंड करनी पड़ीं।
सिंधु ने लिखा- दुबई में स्थिति भयावह है
पीवी सिंधु ने X पोस्ट में लिखा- यह भयावह स्थिति लगातार बनी हुई है और हालात हर घंटे के साथ और डरावने होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम ठहरे हुए थे, उसके करीब एक विस्फोट हुआ। मेरे कोच धुएं और मलबे के सबसे नजदीक थे, इसलिए उन्हें तुरंत वहां से बाहर भागना पड़ा। वह हम सभी के लिए बेहद तनावपूर्ण और डराने वाला पल था। अब हम सभी सुरक्षित हैं और दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ तथा दुबई प्रशासन की मदद से हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।







