होली का त्योहार करीब है और इसी के साथ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की धड़कनें भी तेज हो गई हैं. हर साल की तरह इस बार भी लाखों लोग इस इंतजार में हैं कि सरकार कब उनके महंगाई भत्ते (DA Hike 2026) में बढ़ोतरी का ऐलान करेगी. आमतौर पर सरकार साल में दो बार, होली और दिवाली के आस-पास अपने कर्मचारियों को यह तोहफा देती है. इस बार 4 मार्च को होली है, इसलिए यह चर्चा जोरों पर है कि क्या त्योहार से पहले खुशियों का पिटारा खुलेगा या इस बार थोड़ा और इंतजार करना होगा. हालांकि, डीए बढ़ोतरी का ऐलान कब होगा, इसे लेकर पिछले कुछ सालों के ट्रेंड्स और आंकड़ों ने सस्पेंस बना दिया है.
आइए जानते हैं कि क्या कहता है पिछले 5 सालों के डीए रिवीजन का ट्रेंड और DA में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है और सरकार कब इसका आधिकारिक ऐलान कर सकती है. इसके साथ ही ये भी जानेंगे कि DA बढ़ने से आपकी बेसिक सैलरी में कितना इजाफा हो सकता है.
कितनी हो सकती है महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी?
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को फिलहाल 58 फीसदी महंगाई भत्ता (DA Hike Latest Update) मिल रहा है, जो जुलाई 2025 से लागू हुआ था. अब सबकी नजरें जनवरी 2026 से होने वाले अगले बदलाव पर टिकी हैं. लेबर ब्यूरो के हालिया आंकड़ों को देखें तो दिसंबर 2025 के लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) 148.2 पर रहा है.
इन आंकड़ों के आधार पर जानकारों का अनुमान है कि इस बार सरकार DA में 2% का इजाफा कर सकती है, जिससे यह 58% से बढ़कर 60% पर पहुंच जाएगा.







