हम (से.): मीडिया सेंटर हर गतिविधि पर रख रहा नजर
विधानसभा चुनाव को देखते हुए हम (सेक्युलर) का प्रदेश मीडिया सेंटर सक्रिय हो चुका है और पटना में एक अत्याधुनिक वार रूम का गठन अंतिम चरण में है। इससे पूरे राज्य की हर विधानसभा क्षेत्र और बूथ पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। वार रूम की एक इकाई गया जी में भी बनेगी।
मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने बताया कि प्रदेश मीडिया सेंटर राज्य और राष्ट्रीय राजनीति पर 24 घंटे सात दिन लगातार नजर रख रहा है। डिजिटल, प्रिंट और सोशल मीडिया से प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण कर रणनीतिक फीडबैक तैयार किया जा रहा है, जो समय पर पार्टी नेतृत्व को उपलब्ध कराया जाता है। इन कार्यों के लिए फिलहाल स्मार्ट फोन का इस्तेमाल हो रहा है। इससे त्वरित और प्रभावी निर्णय लेने की प्रक्रिया को बल मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी एक जून से विपक्षी दलों के बयानों और गतिविधियों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने का काम कर रही है। हम (से.) एनडीए के बैनर तले विधानसभा चुनाव में उतरेगा। चुनाव को लेकर पार्टी ने दो दर्जन सीटों पर मजबूत तैयारी कर रखी है। इन सीटों पर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है।
इसके साथ ही पार्टी एनडीए दलों को अपना वोट शिफ्ट कराने के लिए भी जिलों में संयोजक व प्रभारियों की नियुक्ति कर रही है।
रालोमो : महीने के अंत तक पार्टी का वार रूम होगा तैयार
बिहार में चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। अभी से सोशल मीडिया पर पार्टी की नीति और कार्यक्रम को अपडेट करने के लिए दर्जन भर लोग काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया की इस टीम को पार्टी द्वारा आगे और विस्तार दिया जाना है। रालोमो के वाररूम में प्रोफेशनल लोगों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पार्टी नेताओं के मुताबिक इस माह के अंत तक पार्टी का वार रूम पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। गौर हो कि रालोमो एनडीए का हिस्सा है।
रालोमो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव माधव आनंद ने बताया कि वाररूम एक पखवाड़े में सक्रिय हो जाएगा। स्टैंड रोड स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में अभी सोशल मीडिया हैंडल करने वाले लोग काम कर रहे हैं। पार्टी के वाररूम में आईटी से जुड़े प्रोफेशनल को जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही राजनीतिक विश्लेषकों की भी वाररूम के लिए मदद ली जाएगी। रालोमो सभी 243 विधानसभा सीटों पर नजर रखेगी। एनडीए के दलों के बीच सीटों के बंटवारे में रालोमो के खाते में आने वाली सीटों के साथ ही एनडीए के घटक दलों की भी मदद करने की रणनीति है।
पार्टी की रणनीति को क्रियान्वयन कराने की जिम्मेदारी वारूरूम की होगी। विधानसभा क्षेत्रवार शिकायतों और सलाह को भी दर्ज किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के नेताओं का चुनावी कार्यक्रम के साथ ही एनडीए के नेताओं के कार्यक्रम का समन्वयन भी वाररूम से होगा। खास कर रालोमो के हिस्से आयी सीटों पर प्रत्येक बूथ के प्रबंधन का कार्य भी वाररूम करेगा। हरेक बूथ की पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।







