पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने हाल ही में एक बयान में कहा कि “कश्मीर इस्लामाबाद की गले की नस है”. इस पर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया दी है. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने पाकिस्तान के इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि “कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और पाकिस्तान का इससे कोई लेना-देना नहीं है.”
भगोड़े मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘हमारे प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। हम उसके प्रत्यर्पण पर बेल्जियम पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’ बता दें कि, 13,500 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में भारतीय जांच एजेंसियों को मेहुल चोकसी की तलाश है।
जेडी वेंस की भारत यात्रा, द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा
वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की भारत यात्रा पर रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘अपनी यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री से मिलेंगे और भारत और अमेरिका के बीच सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।’ अमेरिकी टैरिफ पर उन्होंने कहा, ‘हम अमेरिकी पक्ष से बातचीत कर रहे हैं ताकि द्विपक्षीय व्यापार समझौता किया जा सके’।
क्या रूस के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी?
इस दौरान विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी को रूस से मिल निमंत्रण पर कहा, ‘प्रधानमंत्री को रूसी राष्ट्रपति से निमंत्रण मिला है और जैसा कि मैंने आपको बताया, विजय दिवस समारोह में हमारी भागीदारी की घोषणा की जाएगी।’







