राजद नेता तेजस्वी यादव ने आज पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान तेजस्वी यादव ने वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बयान दिया और अलग-अलग दलों के नेताओं के बयान पर प्रतिक्रिया भी दी। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा, ‘जिस प्रकार से आरक्षण की लड़ाई पिछड़ों, दलितों का हम लोगों ने बढ़ाया था, बीजेपी ने आकर उसे रुकवाने का काम साजिश के तहत किया। हम लोग आरक्षण की लड़ाई के लिए कोर्ट में गए, सदन में और सड़क पर भी हमने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी प्रकार मुसलमान भाइयों के वक्फ बिल को लेकर हम लोग सुप्रीम कोर्ट गए हैं। जब हमारी सरकार बनेगी तो इस बिल को कूड़ेदान में फेंका जाएगा।’
तेजस्वी यादव बोले- चुनाव में उनको झेलना होगा
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘मैं हिंदू भाइयों से कहना चाहता हूं कि ये (केंद्र सरकार) नहीं चाहते हैं कि दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा मुख्य धारा में आएं। ये इनकों रोकने के साजिश है। आपने देखा कि 65 फीसदी आरक्षण को इन्हीं लोगों ने रोकने का काम किया। हमारा मानना है कि मुसलमानों के बाद ये ईसाई, सिख सब पर हमला बोलेंगे। खासतौर पर हिंदू जिनकी आबादी 80 फीसदी है, उसपर ये लोग निशाना तानने का काम करेंगे। पार्लियामेंट में जिन लोगों ने इसका समर्थन किया है, आने वाले चुनाव में उन लोगों को झेलना पड़ेगा।’







