भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज चैंपियंस ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। मुकाबला दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा। यहां दोनों टीमें पहली बार एक दूसरे का सामना करेंगी।
ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट में दोनों टीमें 9वीं बार भिड़ेंगी। इससे पहले हुई भिड़ंत में दोनों को 4-4 जीत मिली। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में दोनों का आखिरी सामना हुआ था, तब ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। भारत के पास उस हार का हिसाब बराबर करने का मौका है।
मैच डिटेल्स, सेमीफाइनल IND vs AUS तारीख: 4 मार्च स्टेडियम: इंटरनेशनल स्टेडियम, दुबई टाइम: टॉस- 2:00 PM, मैच स्टार्ट- 2.30 PM
वनडे में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 151 वनडे खेले गए। 57 में भारत और 84 में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। वहीं 10 मैच कोई नतीजा नहीं निकला। दुबई में दोनों टीमें पहली बार ही भिड़ रही हैं। भारत ने टूर्नामेंट में अपने तीनों मैच इसी मैदान पर खेले, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने तीनों मैच पाकिस्तान में खेले।
ICC टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया आगे
ICC के 2 वनडे टूर्नामेंट होते हैं, वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी। इन टूर्नामेंट में दोनों टीमें 18 बार भिड़ीं, 7 में भारत और 10 में ऑस्ट्रेलिया को जीत मिली। इस दौरान 1 मैच बेनतीजा भी रहा। हालांकि, ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट में दोनों टीमें 9वीं बार भिड़ेंगी। इससे पहले हुए 8 मुकाबलों में नतीजे बराबरी के रहे। 4-4 बार दोनों को जीत मिली।
अय्यर भारत के टॉप स्कोरर
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत से 2 प्लेयर्स ने शतक लगाए- शुभमन गिल और विराट कोहली। श्रेयस अय्यर ने पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ फिफ्टी लगाई। वे 3 मैचों में 150 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं। मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने टीम के लिए 5-5 विकेट लिए हैं।
ड्वारशस ऑस्ट्रेलिया के टॉप विकेट टेकर
ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज में एक ही मैच पूरा खेल सका। टीम ने पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया था। साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ टीम के नतीजे नहीं निकले। लिमिटेड मुकाबलों में जोश इंग्लिस टीम के टॉप स्कोरर रहे, उनके नाम 120 रन हैं। बेन ड्वारशस 6 विकेट लेकर टॉप बॉलर हैं।
स्पिनर सबसे बड़ी चुनौती
भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में एक भी गलती भारी पड़ सकती है. टीम इंडिया इस वक्त जबरदस्त खेल दिखा रही है और उसके स्पिनर पूरी फॉर्म में हैं. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने दुबई की सूखी पिच पर स्पिनरों की भूमिका को सबसे अहम माना. उन्होंने कहा कि मंगलवार को चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में उनकी टीम की किस्मत इस बात पर निर्भर करेगी कि वे भारतीय स्पिनरों का सामना कैसे करते हैं.
भारतीय टीम ने रविवार को ग्रुप ए के अपने अंतिम मैच में चार स्पिनरों का इस्तेमाल कर न्यूजीलैंड की मजबूत बल्लेबाजी को 205 रन पर ढेर कर 44 रन से जीत दर्ज की. स्मिथ ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि सिर्फ (वरुण) चक्रवर्ती ही नहीं, बल्कि उनके बाकी स्पिनर भी कमाल के हैं. मुझे लगता है कि हमारे लिए मैच का नजीता शायद इस बात पर निर्भर करता है कि हम उनके स्पिनरों का सामना कैसे करते हैं. यह काफी चुनौतीपूर्ण होने वाला है. मुझे लगता है कि गेंद को कुछ टर्न मिलेगी और हमें इसका मुकाबला करना होगा. हम देखेंगे कि किस तरह से स्पिनरों का सामना करते हैं. हमारे पास कुछ विकल्प हैं.’’
4 स्पिनर बने चिंता का कारण
भारतीय टीम के पास इस वक्त जो चार स्पिनर हैं वो टॉप फॉर्म में चल रहे हैं. कुलदीप यादव ने चोट के बाद वापसी धीमी की थी लेकिन अब वही धार वापस नजर आ रही है. 3 मैच में उन्होंने 5 विकेट झटके हैं. अक्षर पटेल के नाम 4 जबक जडेजा के पास 2 विकेट है. वरुण चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ही मैच में 5 विकेट लेकर हंगामा मचा दिया. भारतीय गेंदबाज बल्लेबाजों को जमकर परेशान कर रहे हैं.






