प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अंग्रेजों के बनाए एक कानून पर दिल्ली के पॉश इलाके में रहने वाले लोग क्यों खामोश रहे। अंग्रेजों का बनाया ये कानून हमारी सरकार ने हटाया। पीएम ने ये बातें NXT के एक कार्यक्रम में कहीं।
मोदी ने कहा कि एक कानून था- ड्रामेटिक परफॉर्मेंस एक्ट। ये कानून अंग्रेजों ने 150 साल पहले बनाया था। अंग्रेज चाहते थे कि थिएटर और ड्रामे का इस्तेमाल उनके खिलाफ न हो। इस कानून में प्रावधान था कि सार्वजनिक जगह पर 10 लोग डांस करते मिल जाएं तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
देश के आजाद होने के 75 साल तक यह कानून चलता रहा। यानी शादी के दौरान 10 लोग डांस कर रहे हों, तो पुलिस उन्हें अरेस्ट कर सकती थी। ये कानून हमारी सरकार ने हटाया।
’70 साल तक हमने कानून झेला। मुझे उस समय की सरकारों के बारे में कुछ नहीं कहना, लेकिन मुझे लुटियंस जमात और खान मार्केट गैंग पर आश्चर्य होता है।
ये लोग 75 साल तक ऐसे कानून पर चुप क्यों थे। ये लोग जो आए दिन कोर्ट जाते रहते हैं, PIL (जनहित याचिका) के ठेकेदार बने फिरते हैं, वे क्यों चुप थे? तब इन्हें लोगों की स्वतंत्रता का ध्यान नहीं रहता था।’
PM मोदी के संबोधन की 5 बातें…
1. पहले बांस काटने पर जेल में डाल देते थे
पहले बांस काटने पर जेल हो जाती थी। हमारे देश में ऐसा कानून था, जिसमें बांस को पेड़ माना जाता था। पहले की सरकारें ये समझने में नाकाम रहीं कि बांस, पेड़ नहीं होता। हमारी सरकार ने इस कानून को खत्म किया।
2. प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न, दुनिया दंग रह गई
26 फरवरी को प्रयागराज में एकता का महाकुंभ संपन्न हुआ। दुनिया हैरान है कि आखिर करोड़ों लोग एक अस्थायी शहर में सिर्फ पवित्र स्नान के लिए कैसे आ सकते हैं? भारत के आयोजन और नवाचार कौशल को पूरी दुनिया देख रही है और इसे विस्तार से जानना चाहती है।
3. AI और G20 समिट में भारत का दबदबा
PM मोदी ने अपनी हालिया फ्रांस यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि भारत अब दुनिया के बड़े समिट्स की अगुआई कर रहा है। मुझे फ्रांस में AI समिट में शामिल होने का मौका मिला। भारत इस समिट का को-होस्ट था। अब जल्द ही भारत इसे आयोजित करेगा।
भारत ने G20 की अध्यक्षता करते हुए इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEEC) का खाका पेश किया। साथ ही अफ्रीकन यूनियन को G20 का सदस्य बनाकर ग्लोबल साउथ की आवाज बुलंद की।
4. भारत दुनिया का 7वां सबसे बड़ा कॉफी एक्सपोर्टर बना
भारत दुनिया का 7वां सबसे बड़ा कॉफी का एक्सपोर्टर बन गया है। दशकों तक दुनिया भारत को अपना बैक ऑफिस करती है, लेकिन आज भारत न्यू फैक्ट्री ऑफ द वर्ल्ड बन रहा है। भारत सिर्फ वर्कफोर्स नहीं, वर्ल्ड फोर्स है।
5. AI से हेल्थ, एजुकेशन और एग्रीकल्चर में होगा बदलाव
PM मोदी ने कहा कि AI आने वाले समय में करोड़ों लोगों की जिंदगी बदल सकता है। AI के जरिए हेल्थ, एजुकेशन और एग्रीकल्चर में जबर्दस्त सुधार लाया जा सकता है।







