जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण उत्तर भारत और मध्य भारत के राज्यों में सर्दी का असर है। साथ ही देश के 17 राज्यों में घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में विजिबिलिटी जीरो होने के कारण आज भीषण कोहरा देखने को मिला। इस कारण विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम है। इस कारण सड़कों पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही हैं। इसके अलावा कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। घने कोहरे के कारण ही दिल्ली हवाई अड्डे पर 100 से अधिक उड़ानों में देरी देखने को मिल रही है। एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अबतक किसी भी उड़ान के मार्ग परिवर्तन या रद्द किए जाने की सूचना नहीं है।
इंडिगो ने बताया विमान के उड़ान में क्यों हो रही देरी
‘इंडिगो’ ने सुबह आठ बजकर 18 मिनट पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में कम दृश्यता और कोहरे के कारण कुछ देरी हो सकती है। हम मौसम पर करीब से नजर रख रहे हैं और आपको सुरक्षित एवं सुचारू रूप से आपके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।’’ दिल्ली हवाई अड्डा के संचालक ‘डायल’ ने कहा कि हवाई अड्डे पर विमानों का उतरना और उड़ान भरना जारी है, लेकिन ‘सीएट तीन’ के अनुपालन दायरे से बाहर उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। ‘सीएटी तीन’ की सुविधा कम दृश्यता की स्थिति में उड़ान संचालन की अनुमति देती है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी से उड़ रहीं फ्लाइट्स
‘फ्लाइटराडार24 डॉट कॉम’ पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बुधवार को 100 से अधिक उड़ानें देरी से संचालित हुईं। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय विमानपत्तन लिमिटेड (डायल) ने सुबह सात बजकर 35 मिनट पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। किसी भी असुविधा के लिए हमें गहरा खेद है।’’ राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन करता है। बता दें कि इससे पहले बीते दिनों भी इसी तरह से कई विमानों की उड़ान में देरी देखने को मिली थी।
देशभर से मौसम
उत्तर प्रदेश के भी 45 जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। अयोध्या में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। मौसम विभाग ने कहा कि यूपी और राजस्थान के कुछ जिलों में आज ओले गिर सकते हैं।
उधर, हिमाचल में बर्फबारी के कारण 3 शहरों में तापमान माइनस पहुंच गया है। कल्पा में तापमान माइनस 1 डिग्री, केलांग में माइनस 10.3 डिग्री और कुकुमसेरी में तापमान माइनस 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
हिमाचल में जनवरी में अबतक सामान्य से 91% कम बारिश-बर्फबारी
- मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 1 से 11 जनवरी के बीच सामान्य से 91% कम बारिश हुई, क्योंकि राज्य में 20.6 mm के मुकाबले सिर्फ 2 mm बारिश हुई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, 2024 में पिछले पांच दशकों का सबसे सूखा रहा। पिछले साल 870.9 mm बारिश हुई जो सामान्य से 29% कम है।
- जम्मू-कश्मीर में 2023 में 1146.6 mm (सामान्य से 7% कम), 2022 में 1040.4 mm (16% कम), 2021 में 892.5 mm (सामान्य से 28% कम), 2020 में 982.2 mm (सामान्य से 20% कम) बारिश हुई। 2024 के आंकड़े 1974 के 802.5 mm के रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब हैं।
उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने बिहार में ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पटना में मंगलवार से ही शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। यहां आज भी धूप निकलने की कोई संभावना नहीं है।







