बीते हफ्ते की गिरावट के बाद घरेलू शेयर बाजार सोमवार को बड़ी बढ़त के साथ खुला। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 628.34 अंक उछलकर 78,669.93 पर पहुंचा, जबकि निफ्टी 219 अंक बढ़कर 23,806.50 पर पहुंचा। इस दौरान अदाणी समूह के शेयरों में भी उछाल देखा गया।
अगर सेंसेक्स में शामिल शेयरों पर नजर डालें तो TATASTEEL, ULTRACEMCO, LT, TATAMOTORS, BAJAJFINSV और BAJFINANCE में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। वहीं, गिरने वाले शेयर में पावर ग्रिड और जोमैटो शामिल हैं। मार्केट के जानकारों का कहना है कि बाजार में अभी उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इसलिए निवेशकों को काफी सावधानी से निवेश करने की जरूरत है। बाजार की चाल बहुत कुछ विदेशी निवेशकों पर निर्भर करेगा। अगर विदेशी निवेशक बिकवाली जारी रखते हैं तो फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है। वहीं, अगर बिकवाली रोकते हैं तो तेजी लौट सकती है।
सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक में उल्लेखनीय बढ़त हुई। इससे पहले पिछले पांच दिनों में बीएसई सेंसेक्स 4,091.53 अंक या 4.98 फीसदी टूटा और निफ्टी 1,180.8 अंक या 4.76 फीसदी गिर गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,597.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
ऐसी रही बाजार की चाल
वॉल स्ट्रीट और एशियाई बाजारों से सकारात्मक रुख के बाद भारतीय शेयर बाजार सोमवार को हरे निशान पर खुले। प्री ओपनिंग सेशन में 50 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स और 30 शेयरों वाले एनएसई निफ्टी में तेजी देखी गई। सेंसेक्स 447.05 अंक यानी 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ 78,488.64 पर और निफ्टी 150.70 अंक यानी 0.64 फीसदी की तेजी के साथ 23,738.20 पर खुला। फिलहाल सुबह 9:40 बजे सेंसेक्स 451.85 (0.58%) की उछाल के साथ 78,493.44 पर और निफ्टी 185.45 अंक (0.79%) की तेजी के साथ 23,772.95 पर कारोबार कर रहा है।
पिछले हफ्ते रही थी बाजार में भारी गिरावट
आपको बता दें कि पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 4,091.53 अंक या 4.98 प्रतिशत नीचे आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1,180.8 अंक या 4.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था। बाजार में बड़ी गिरावट के चलते सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह 4,95,061 करोड़ रुपये की गिरावट आई थी। शेयर बाजार में मंदड़ियां रुख के बीच टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में यह जून, 2022 के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट रही थी। सप्ताह की शुरुआत अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की नीतिगत घोषणा के साथ हुई, जिससे बाजार की धारणा में बदलाव आया। फेडरल रिजर्व ने 2025 में ब्याज दरों में सिर्फ दो बार कटौती का संकेत दिया है। इससे बाजार धारणा प्रभावित हुई।
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 85.04 पर स्थिर
अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और विदेशी कोषों की निकासी जारी रहने से रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.04 पर स्थिर रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 85.02 पर खुला और पिछले सत्र के बंद स्तर 85.04 पर पहुंच गया। रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर से कुछ संभला और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले नौ पैसे बढ़कर 85.04 पर बंद हुआ था।







