फेमस पाकिस्तानी गायक राहत फतेह अली खान को उनके पूर्व मैनेजर सलमान अहमद के आरोपों के बाद गिरफ्तार किया गया था। उनके दायर आपराधिक मानहानि की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने राहत को हिरासत में लिया। हालांकि, इसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है। जियो न्यूज के उनकी गिरफ्तारी की खबर प्रसारित करने के बाद राहत ने एक वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने अपने फैंस से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया कि उन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ की।
जानकारी के मुताबिक, राहत फतेह अली खान के खिलाफ उनके पूर्व मैनेजर और मशहूर शोबिज प्रमोटर सलमान अहमद ने दुबई में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। फिलहाल दुबई पुलिस राहत से पूछताछ कर रही है। राहत अपने सिंगिंग शोज के लिए लाहौर से दुबई पहुंचे थे।
राहत ने जारी किया वीडियो
गिरफ्तारी की खबर के बीच राहत फतेह अली खान ने वीडियो जारी कर अपनी गिरफ्तारी की बात को नकारा है। हालांकि, ऐसा उन्होंने सीधे तौर पर नहीं कहा। उन्होंने गिरफ्तारी की बात को नजरअंदाज करते हुए कहा कि मैं दुबई में अपने गाने रिकॉर्ड करने के लिए आया हुआ हूं, और सब ठीक है। मैं यही आपसे गुजारिश करूंगा कि ऐसी घटिया अफवाहों पर ध्यान ना दें। ऐसा कुछ भी नहीं है जैसा दुश्मन सोच रहे हैं। मैं जल्द ही अपने वतन लौटूंगा और आपको नए गाने से सरप्राइज करूंगा।
बता दें कि, राहत ने कुछ महीने पहले विवाद के बाद अहमद को बर्खास्त कर दिया था। इसके अलावा सामने आया है कि राहत और अहमद दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामले दर्ज कराए हैं। राहत ने भारत में खूब नाम कमाया है। बॉलीवुड में उनके ऐसे कई गाने हैं, जो लोगों के बीच आज भी काफी मशहूर हैं।