राजस्थान में आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 13 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। अब तक इन जिलों में 26.84 फीसदी वोटिंग हुई है। बाड़मेर और बांसवाड़ा सीट पर सबसे ज्यादा मतदान हुआ है, बाड़मेर में 29.58 फीसदी और बांसवाड़ा में 30.04 फीसदी वोट पड़े हैं। पहले चरण में 11 बजे तक 22.51 फीसदी वोटिंग हुई थी।
आज जोधपुर, बाड़मेर, पाली, जालोर, राजसमंद, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, बांसवाड़ा, टोंक-सवाई माधोपुर, कोटा, झालावाड़-बारां सीट पर वोटिंग चल रही है। बाड़मेर, जैसलमेर, पाली के कई बूथों पर ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याओं का समाधान नहीं होने पर वोटिंग का बहिष्कार किया है। वहीं, भीलवाड़ा के पुर कस्बे में वोट डालने पहुंचे एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
दूसरे चरण में गजेंद्र सिंह शेखावत, ओम बिरला, कैलाश चौधरी, सीपी जोशी सहित कई दिग्ग्जों की किस्मत का फैसला होना है। बाड़मेर, बांसवाड़ा की सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं, कोटा में गुंजल-बिरला भी जीत के दावे कर रहे हैं।







