लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में होनेवाले मतदान के लिए सियासी दलों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के चुनावी रण में उतर रहे हैं। वे जालौर और बांसवाड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे। रांची में आज ‘INDIA’ गठबंधन की एक बड़ी रैली होनेवाली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर राजस्थान के चुनावी रण में उतरेंगे। वे जालौर और बांसवाड़ा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर विपक्षी गठबंधन इंडी अलाएंस पर करारा हमला बोल सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज कर्नाटक का दौरा करनेवाले हैं। वे पार्टी के चुनाव प्रचार में शामिल होंगे।
झारखंड के रांची में आज I.N.D.I.A. ब्लॉक की रैली होगी। इसको उलगुलान रैली नाम दिया गया है। इसमें 28 दलों के नेता शामिल होंगे।
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेता शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोग्राम दोपहर दो बजे से शुरू होगा। वहीं, कांग्रेस राहुल गांधी तीन बजे के करीब मंच पर पहुंचेंगे।
विपक्षी नेताओं की रैली को लेकर रांची भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इसमें देश विरोधी, सनातन विरोधी, झारखंड विरोधी और विकास विरोधी लोग शामिल होने वाले हैं। वो लोग भी हैं, जिन्होंने झारखंड को बेचने और खरीदने का काम किया है।
इससे पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में 31 मार्च को I.N.D.I.A. ब्लॉक की लोकतंत्र बचाओ महारैली हुई थी। लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन की ये पहली बड़ी रैली थी।
यह रैली 3 घंटे तक चली थी, जिसमें गठबंधन के 21 नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा था- नरेंद्र मोदी जी इस चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमारी टीम से दो खिलाड़ियों को अरेस्ट करके अंदर कर दिया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी-आरएसएस की तुलना जहर से की थी।
LIVE UPDATE :
राहुल गांधी अमेठी से राजनीतिक रूप से फरार क्यों हो गए-नीरज कुमार
जनता दल यूनाइटेड के नेता नीरज कुमार ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित एनडीए के घटक दल के नेता 400 सीट से ज्यादा की बात दावे के रूप में कर रहे हैं और राहुल गांधी कहते हैं 150 सीट तो राहुल गांधी अमेठी से राजनीतिक रूप से फरार क्यों हो गए? अगर आपको अपने राजनीतिक बल पर, अपनी पदयात्रा पर भरोसा है तो आज आपको केरल जाने के लिए मजबूर होना पड़ा?…यह बताता है कि कांग्रेस की राजनीतिक अधोगति आपने कर दी है…”
अमित शाह जी के आने से बहुत असर नहीं पड़ेगा-तारिक अनवर
कटिहार लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी तारिक अनवर ने कहा, “अमित शाह जी के आने से बहुत असर नहीं पड़ेगा। उनका स्वागत है वे आएं। अभी तक NDA का माहौल उनके पक्ष में नहीं है इस लिए अब बड़े-बड़े नेताओं को उतारने की कोशिश हो रही है।”
हम तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे-प्रियंका चतुर्वेदी
रांची में आज होने वाली इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली पर शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “हम तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे …निर्दोष लोगों को बस इसलिए जेल में डाल रहे हैं क्योंकि वे केंद्र सराकर की तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे हैं…जिनको इन्होंने सनातन विरोधी बोला, जिनको इन्होंने भ्रष्टाचारी कहा वे सब अब भाजपा में इनके कंधे से कंधे मिलाकर खड़े हैं। ये वैक्यूम क्लीनर बन गए हैं।”
यह बहुत बड़ी रैली है-महुआ माजी
रांची में आज होने वाली इंडिया गठबंधन की संयुक्त रैली पर झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने कहा, “यह बहुत बड़ी रैली है और मुझे नहीं लगता कि झारखंड में इतनी बड़ी रैली कभी हुई होगी। इंडिया गठबंधन एक साथ है तो इस रैली की सफलता का हमें पूरा विश्वास है।
राहुल गांधी आज सतना में करेंगे चुनाव प्रचार
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। वे सतना में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
छत्तीसगढ़ में चुनावी रैली करेंगी प्रियंका
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज छत्तीसगढ़ में पार्टी का प्रचार करेंगे। वे कांकेर और राजनांदगांव में करेंगी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे असम में करेंगे प्रचार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के प्रचार की कमान संभाल रखी है। वे आज असम के करीमगंज पहुचेंगे जहां वे पार्टी की चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।