केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को मंडला और कटनी जिले में रहेंगे। वे यहां 2 चुनावी सभाओं से 4 संसदीय सीटों को साधेंगे। मंडला की सभा में भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते मौजूद रहेंगे तो कटनी की सभा में खजुराहो के प्रत्याशी वीडी शर्मा, शहडोल से हिमाद्री सिंह और सतना से गणेश सिंह भी शामिल होंगे।
शाह दोपहर 12:40 बजे मंडला पहुंचेंगे। रपटा घाट में नर्मदा पूजन के बाद रानी दुर्गावती स्मारक में माल्यार्पण करेंगे। यहां से वे पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
सभा मैदान में चल रही तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को पार्टी के मध्यप्रदेश प्रभारी सतीश उपाध्याय, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष भीष्म द्विवेदी, मीडिया प्रभारी सुधीर कसार सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन स्थल पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।
कटनी में दोपहर 2 बजे से सभा
शाह मंडला के बाद के कटनी जिले के बरही में जनसभा लेंगे, यह खजुराहो संसदीय क्षेत्र में आता है। वे दोपहर करीब दो बजे सभास्थल विजयनाथ धाम ग्राउंड पहुंचेंगे।
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बरही तहसील 3 संसदीय क्षेत्रों खजुराहो, शहडोल और सतना से जुड़ी हुई हैं। जनसभा में तीनों संसदीय सीटों के प्रत्याशी भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले गृह मंत्री शाह 2018 विधानसभा चुनाव में कटनी आए थे। उन्होंने कटनी शहर में रोड शो भी किया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार 11 अप्रैल को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे रीवा और सतना लोकसभा सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों के लिए सभा को संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, राजनाथ दोपहर 12 बजे के बाद रीवा पहुंचेंगे। जहां मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर सतना के नागौद जाएंगे। यहां अगोल मैदान में जनसभा में शामिल होंगे।
सभा के बाद रक्षा मंत्री दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर हेलिकॉप्टर से प्रयागराज रवाना होंगे। बीजेपी ने रीवा लोकसभा सीट से जनार्दन मिश्रा जबकि सतना से गणेश सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।







