कांग्रेस पार्टी ने आज उत्तर और दक्षिण गोवा के संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की। साथ ही मध्य प्रदेश के मुरैना, खंडवा और ग्वालियर और दादर एवं नगर हवेली (एसटी) के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। गोवा से मौजूदा कांग्रेस सांसद फ्रांसिस्को सरदिन्हा को पार्टी ने इस बार उम्मीदवारों की लिस्ट से हटा दिया है।
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के मुरैना से सत्पाल सिंह सिकरवार, ग्वालियर से प्रवीण पाठक और खांडवा से नरेंद्र पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है।
वहीं नॉर्थ गोवा सीट से रमाकांत खलप और साउथ गोवा सीट से कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस को कांग्रेस ने टिकट दिया है। दादारा एंड नगर हवेली (एसटी) से अजीत रामजीभाई माहला कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
इससे पहले कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गुरुवार (चार अप्रैल, 2024) को उम्मीदवारों की 13वीं सूची जारी की थी. इस लिस्ट में तीन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे और ये तीनों कैंडिडेट्स गुजरात के लोकसभा क्षेत्रों (सुरेंद्रनगर, जूनागढ़ और वडोदरा) से उतारे गए थे. पार्टी ने सुरेंद्रनगर से रित्विक भाई मकवाना, जूनागढ़ से हीरा भाई जोटवा और वडोदरा से जसपाल सिंह पढियार को टिकट दिया है.
कांग्रेस की 14वीं लिस्ट में किसे मिला कहां से टिकट
| राज्य | लोकसभा क्षेत्र का नाम | उम्मीदवार का नाम |
| गोवा | नॉर्थ गोवा | रमाकांत खलाप |
| गोवा | साउथ गोवा | विरियाटो फर्नांडीस |
| मध्य प्रदेश | मुरैना | सत्यपाल सिंह सिकरवार |
| मध्य प्रदेश | ग्वालियर | प्रवीण पाठक |
| मध्य प्रदेश | खांडवा | नरेंद्र पटेल |
| दादरा और नगर हवेली | दादरा और नगर हवेली (एसटी) | अजीत रामजीभाई महला |
कांग्रेस ने अब तक घोषित किए 241 उम्मीदवार
कांग्रेस अब तक अपने 14 लिस्ट में कुल 241 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है. पार्टी ने 14वीं लिस्ट आने से पहले तक 13 अलग-अलग सूचियों में 235 उम्मीदवार घोषित किए थे, शुक्रवार को 6 और प्रत्याशियों के नाम सामने आने के बाद यह संख्या 241 हो गई है. देश में 18वीं लोकसभा के लिए आम चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे. आगे छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा और चार जून, 2024 को मतगणना होगी.
एक दिन पहले ही पार्टी ने जारी किया घोषणापत्र
कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार (5 अप्रैल 2024) को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया था. इसे न्याय पत्र नाम दिया गया है. ये मेनिफेस्टो 5 ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ पर आधारित है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में घोषणापत्र जारी किया था. पार्टी ने अपने घोषणापत्र में हर वर्ग के लिए कई तरह के वादे किए हैं.







