लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया बीजेपी में शामिल हो गए हैं. पार्टी महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में रविवार (24 मार्च) को पूर्व वायुसेना प्रमुख ने बीजेपी का दामन थामा. लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग की शुरुआत 19 अप्रैल से होने वाली है, जबकि नतीजों का ऐलान 4 जून को होगा.
आरकेएस भदौरिया सितंबर 2021 में वायुसेना प्रमुख के पद से रिटायर हुए थे. इस तरह उनकी जगह एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी को वायुसेना प्रमुख बनाया गया. भदौरिया 30 सितंबर, 2019 से लेकर 30 सितंबर, 2021 तक देश के वायुसेना प्रमुख थे. वह उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बाह तहसील के रहने वाले हैं. उन्होंने भारत को राफेल जेट दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. वह उस टीम का नेतृत्व कर रहे थे, जो फ्रांस के साथ विमानों के लिए बातचीत कर रही थी.
कहां से मिल सकता है आरकेएस भदौरिया को टिकट?
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बीजेपी पूर्व वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया को उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है. वर्तमान में जनरल वीके सिंह इस सीट से बीजेपी सांसद हैं. वह 2014 और 2019 में इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं. बीजेपी की तरफ से अब तक उम्मीदवारों की जारी की गई चारों लिस्ट में गाजियाबाद से प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं हुआ है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आरकेएस भदौरिया को इस सीट से उतारा जा सकता है.







