राजस्थान में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें पांच सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा और कांग्रेस, दोनों अब तक 15-15 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस की दूसरी लिस्ट के बाद 3 और सीटों झालावाड़-बारां, पाली और बाड़मेर-जैसलमेर पर मुकाबले की स्थिति साफ हो गई है।
पाली में सांसद पीपी चौधरी के सामने राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल को उतारा गया है। झालावाड़-बारां सीट पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह के सामने कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला जैन भाया को चुनावी मैदान में उतारा है।
जयपुर से कांग्रेस में प्रदेश महासचिव रहे सुनील शर्मा को मौका दिया गया है। आरएलपी छोड़कर आए उम्मेदाराम बेनीवाल को बाड़मेर से प्रत्याशी बनाया है। इन पांच सीट में से चार पर पार्टी ने नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है।
कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आने के बाद 25 में से 11 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों की आमने-सामने की स्थिति साफ हो गई है। कांग्रेस ने गठबंधन के चलते सीकर सीट सीपीएम के लिए छोड़ दी है। यहां अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं हुआ है।







