पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में आज तेलंगाना में वोट डाले जा रहे हैं। तेलंगाना में 119 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हो चुकी है और शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव में कई दिग्गजों ने डाला वोट
सीएम केसीआर ने किया मतदान
तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने सिद्दीपेट में मतदान किया। तेलंगाना की कामारेड्डी विधानसभा सीट पर ईवीएम की खराबी के चलते करीब 45 मिनट तक वोटिंग रुकने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बूथ नंबर 253 पर ईवीएम में खराबी आई। हालांकि 45 मिनट बाद वोटिंग फिर से शुरू हो गई।
कोंडल रेड्डी पर BRS कार्यकर्ताओं ने लगाए गुंडागर्दी के आरोप
तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों पर अबतक 20 फीसदी से ज्यादा मतदान हो चुका है। वहीं तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी के भाई कोंडल रेड्डी का आरोप है कि ‘जब वह एक बूथ गए थे तो बीआरएस कार्यकर्ताओं ने मुझे रोकने की कोशिश की। मुझ पर हमले की कोशिश की गई। बीआरएस कार्यकर्ताओं की गाड़ियां मेरी कार का पीछा कर रही हैं और मुझे रोकने का प्रयास किया जा रहा है। हमने पुलिस से इसकी शिकायत की है।’ वहीं बीआरएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि ‘कोंडल रेड्डी कामारेड्डी के पोलिंग बूथ का दौरा कर रहे हैं जबकि वह यहां के मतदाता भी नहीं हैं। कोंडल रेड्डी फर्जी पास लेकर घूम रहे हैं और रिटर्निंग अफसर से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस भी उन्हें नहीं रोक रही है। वह गुंडागर्दी कर रहे हैं।
मेरी पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार- ओवैसी
एआईएमआईएम चीफ से जब पूछा गया कि तेलंगाना चुनाव अगले साल होने वाले आम चुनाव की शुरुआत है तो उन्होंने कहा कि हां, क्योंकि अगले साल फरवरी से चुनाव आयोग चुनाव आचार संहिता लागू कर देगा। मेरी पार्टी तैयार है और एक और महत्वपूर्ण चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
मंत्री केटी रामाराव ने की लोगों से अपील
तेलंगाना के मंत्री और बीआरएस विधायक केटी रामाराव ने मतदान के बाद लोगों से भी वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि बतौर तेलंगाना नागरिक मैंने अपना कर्तव्य निभाया है। मैंने बेहतरी के लिए वोट किया है, मैंने अपने राज्य को वोट किया है। मैंने उन लोगों को वोट किया है, जो राज्य को आगे लेकर जाएंगे। मैं तेलंगाना के सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वह घरों से बाहर निकलें और वोट करें।
AIMIM अध्यक्ष ओवैसी ने डाला वोट
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने हैदराबाद में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करें। हैदराबाद की सुंदरता और तेलंगाना की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने और इस प्रांत के भाईचारे को मजबूत करने के लिए, मैं सभी से बाहर आकर वोट करने की अपील करता हूं। आज का दिन छुट्टी न समझें।
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने डाला अपना वोट
पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस जुबली हिल्स विधायक उम्मीदवार मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने हैदराबाद में अपना वोट डाला। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) विकास राज ने अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा कि सुबह 7 बजे से हमें बहुत अंदरूनी स्थानों पर भी लंबी कतारें दिखनी शुरू हो गई हैं…मतदान तेजी से चल रहा है। हर जगह, यह बहुत शांतिपूर्ण है और मैं सभी मतदाताओं से अनुरोध करता हूं कि वे वोट करें।
बीजेपी प्रमुख जी किशन रेड्डी ने डाला वोट
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना बीजेपी प्रमुख जी किशन रेड्डी अपना वोट डालने के लिए हैदराबाद के बरकतपुरा में एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। ऑस्कर विजेता संगीतकार, पद्मश्री एमएम कीरावनी ने भी अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी मतदान शक्ति का उपयोग करना चाहिए…यह कोई छुट्टी का दिन नहीं है।
अल्लू अर्जुन पहुंचे मतदान केंद्र
अभिनेता अल्लू अर्जुन हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने के लिए कतार में लोगों के साथ खड़े हुए दिखाई दिए। वहीं, तेलंगाना चुनाव में लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए एसआर नगर में मतदान केंद्र संख्या 188 के बाहर महिलाओं ने संगीत बैंड बजाया।







