बिहार के पूर्व मंत्री और आरजेडी (RJD) नेता वृषिण पटेल (Brishin Patel) से एक महिला ने 50 लाख रुपये मांगे हैं. उनके वॉट्सएप पर अश्लील तस्वीर भेजी गई थी. वॉट्सएप कॉल भी किया गया था. धमकी देते हुए कहा गया कि अगर 50 लाख रुपये नहीं दिए गए तो फोटो को सार्वजनिक कर उनके राजनीतिक करियर को बर्बाद कर दिया जाएगा. इस मामले में पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने आर्थिक अपराध इकाई में शिकायत की है जिसके बाद यह मामला अब सामने आया है.
बुधवार (22 नवंबर) को खुद वृषिण पटेल ने इसकी पुष्टि की है. ईओयू को दिए गए आवेदन में वृषिण पटेल ने पूरी घटना के बारे में जिक्र किया है. इसमें उन्होंने कहा है कि करीब दो महीने पहले एक महिला कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर मिलने के लिए आई थी. उसने कहा था कि वह एमएलए बनना चाहती है. इस पर उन्होंने कहा था कि एमएलए बनना आसान नहीं है. राजनीति में रुचि है तो वह पार्टी से जुड़ जाएं.
फोटो भेजकर कर दिया गया डिलीट
पूर्व मंत्री ने आवेदन में यह भी कहा है कि अश्लील फोटो भेजने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया था. उस फोटो को ठीक से नहीं देख पाए थे. घटना के करीब दो माह बाद 26 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को दो मोबाइल नंबर से उनके मोबाइल पर फोन भी आया था. उन्होंने कहा कि एक बार वो महिला के घर गए थे. वहां दो लड़कियां थीं. अश्लील हरकत करने पर वह निकल गए थे. उन्होंने कहा कि वॉट्सएप कॉल कर उनसे 50 लाख रुपये मांगे गए हैं. नहीं देने पर राजनीतिक करियर बर्बाद करने की धमकी दी गई है.
महिला से कहा था- एमएलए बनना इतना भी आसान नहीं
मंत्री ने शिकायत में कहा कि आरोपी महिला स्टाफ से मुझसे मिलाने की जिद करने लगी। स्टाफ ने समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। अंत में स्टाफ ने महिला को मुझसे मिलवा दिया। महिला ने कहा कि मैं एमएलए बनना चाहती हूं। इस पर मैंने कहा कि एमएलए बनना इतना आसान नहीं है। अगर राजनीति में दिलचस्पी है तो पार्टी से जुड़ जाएं। इसके लिए आपको पार्टी कार्यालय आकर सदस्यता ग्रहण करनी होगी।
कार में देख घर चलने का आग्रह किया था
पूर्व मंत्री ने ईओयू को बताया कि वे एक दिन कार से हज भवन से एयरपोर्ट वाली सड़क होते बेली रोड की ओर जा रहे थे। एक जगह वे रुके तो आरोपी महिला ने वहां उन्हें देख लिया। वह पास आकर बोली- पास ही मेरा घर है, थाेड़ी देर के लिए चलें। मैं उसके घर चला गया। मैंने महिला से पूछा कि पति कहां हैं? उसने कहा काम से बाहर गए हैं। घर में उस वक्त दो लड़कियां भी थीं। पूछने पर महिला ने बताया कि दो बहनें हैं। महिला कुछ सामान लाने किचन में गई तो दोनों लड़कियां मेरे सामने कपड़े उतारने लगीं। मैंने डांटा तो वे सहम गईं। उसके बाद मैं वहां से निकल गया।

अश्लील फोटो भेजने के बाद डिलीट किया
घटना के करीब दो माह बाद 26 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को दो मोबाइल नंबर से मेरे मोबाइल पर कॉल आया। कहा गया कि आपके पास दो लड़कियां गई थीं जिनके साथ आपने अश्लील हरकतें की थीं। इसके बाद फिर मेरे मोबाइल पर दो नंबर से फोन आया।
इसके बाद मेरे वॉट्सऐप पर एडिटेड अश्लील फोटो भेजा गया और फिर उसे डिलीट कर दिया। पूर्व मंत्री ने दर्ज केस में कहा कि वे उस फोटो को ठीक से नहीं देख पाए। वॉट्सऐप कॉल कर उनसे 50 लाख की रकम मांगी गई और नहीं देने पर राजनीतिक करियर को बर्बाद करने की धमकी दी गई।







