मणिपुर में जुलाई से लापता दो स्टूडेंट्स की डेड बॉडीज की तस्वीरें सामने आने के बाद फिर हिंसा भड़क गई है। बुधवार को राजधानी इंफाल सहित कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में छात्र शामिल थे।
प्रदर्शनकारियों ने थाउबल जिले में भाजपा कार्यालय में आग लगा दी, इंफाल में भाजपा अध्यक्ष के घर पर हमला किया और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का पुलता जलाया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले, नकली बम फेंके और पैलेट गन चलाई। इंफाल के सिंग जामेई इलाके के 20 साल के एस उत्तम नाम के छात्र के सिर में कई छर्रे घुसने से उसकी हालत गंभीर है।
बुधवार को राज्य में AFSPA फिर से छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। मैतेई बहुल 19 थानों को इससे अलग रखा गया है। यह 1 अक्टूबर से लागू होगा।
दो दिन में 50 लोग घायल हुए
इंफाल घाटी में पिछले 2 दिन में हुए प्रदर्शन में 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें ज्यादातर छात्र हैं। 3 मई से शुरू हुई मणिपुर हिंसा में शुरू से अब तक सरकार और सुरक्षाबलों के खिलाफ लोगों में इतनी नाराजगी देखने को नहीं मिली थी।
पुलिस ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर बताया कि राज्य में बीते 24 घंटे में माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन हालात पर कंट्रोल किया गया। हिंसा से जुड़ी घटनाओं को लेकर 1697 लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्टूडेंट मर्डर केस की जांच के लिए CBI के स्पेशल डायरेक्टर अजय भटनागर अपनी टीम के साथ बुधवार को स्पेशल फ्लाइट में इंफाल पहुंचे।
पहाड़ी इलाकों में AFSPA 6 महीने बढ़ाया गया
राज्य के पहाड़ी इलाकों में AFSPA अभी लागू रहेगा। सरकार ने इसे 1 अक्टूबर से छह महीने के लिए बढ़ा दिया है। सिर्फ 19 थाना क्षेत्रों को इससे अलग रखा गया है। राज्य के बाकी हिस्से को डिस्टर्ब एरिया घोषित किया गया है।
जिन 19 थाना क्षेत्रों को AFSPA से अलग रखा गया है, उनमें इंफाल, लेंफेल, सिटी, सिंग्जमेई, सेकमई, लामसांग, पत्सोई, वांगोई, पोरोमपट, हेंगेंग, लामलाई, इरिलबुंग, लेमखोंग, थोबुल, बिष्णुपुर, नांबोल, मोइरोंग, काकचिंग और जिरिबम शामिल हैं।