गैंगस्टर सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके की कनाडा के विन्निपेग में अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वह कई अपराधों में वांटेड था और 2017 में पंजाब से कनाडा भाग गया था. पंजाब पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, सुक्खा खालिस्तान समर्थक ताकतों के साथ जुड़ गया था. खुफिया इनपुट के मुताबिक सुक्खा दविंदर बंबीहा गैंग का गैंगस्टर था और पंजाब के मोगा का रहने वाला था. सूत्रों ने बताया कि कनाडा के विन्निपेग में अंतर-गिरोह प्रतिद्वंद्विता में उसकी हत्या हुई है.
दुनेके पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में देविंदर बंबीहा गिरोह को संचालित करता था, फाइनेंस जुटाता था और मजबूत कर रहा था. वह फर्जी पासपोर्ट पर 2017 में कनाडा भाग गया था. सूत्रों ने न्यूज18 को बताया कि उसका झुकाव खालिस्तान समर्थक संगठनों की ओर भी था, लेकिन वह ज्यादातर जबरन वसूली और ‘सुपारी किलिंग’ की वारदातों में शामिल था. सुक्खा दुनेके अपने सहयोगियों और राज्य में मोस्ट वांटेड सूची में शामिल अपराधियों के माध्यम से पंजाब और आसपास के प्रांतों में अपराधों को अंजाम दे रहा था.
सुखदूल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके पंजाब में अपराधों की साजिश रच रहा था
पिछले साल 14 मार्च को सुक्खा दुनेके ने जालंधर के मल्लियां गांव में एक मैच के दौरान अपने साथियों की मदद से कबड्डी खिलाड़ी संदीप सिंह नंगल की हत्या की साजिश रची थी. उसके खिलाफ पंजाब और आसपास के राज्यों में हत्या और अन्य जघन्य अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज थे.
खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप का करीबी था दुनुके
सुखदूल पंजाब के मोगा का रहने वाला है। वह 2017 में पंजाब से भागकर कनाडा पहुंचा था। बताया जाता है कि वह खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह का करीबी माना जाता है।
बता दें कि कई महीने पहले, पंजाब पुलिस ने कनाडा से लंबे समय से काम कर रहे 7 गैंगस्टरों की पहचान की थी। इस लिस्ट में लखबीर सिंह उर्फ लांडा, गोल्डी बराड़, चरणजीत सिंह उर्फ रिंकू रंधावा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, रमनदीप सिंह उर्फ रमन जज, गुरपिंदर सिंह उर्फ बाबा दल्ला के अलावा सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा दुनेके भी शामिल था। माना जाता है कि ये लोग पंजाब में विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।
गैंगस्टरों का सुरक्षित पनाहगाह बन गया है कनाडा
पिछले साल मई में लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की नृशंस हत्या के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सहित सुरक्षा एजेंसियों ने भी कनाडा के खालिस्तानी आतंकवादियों और भारत में तमाम अपराधों में शामिल गैंगस्टरों के लिए एक सुरक्षित स्वर्ग के रूप में उभरने पर चिंता जताई थी। सूत्रों ने बताया कि कनाडा में रहने वाले गैंगस्टर भारत में आपराधिक गतिविधियों पर खासा प्रभाव डालते हैं।







