प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में B-20 समिट को संबोधित कर रहे हैं. समिट में दुनिया भर के के करीब 17000 बिजनेसमैन हिस्सा ले रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, आपकी दोस्ती जितनी भारत से मजबूत होगी, उतनी ही समृद्धि दोनों को मिलेगी. पीएम मोदी ने कहा, मुझे खुशी है कि जी-20 देशों के बीच बिजनेस-20 एक वाइब्रेंट फोरम बनकर उभरा है.
संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, इस बार का फेस्टिव सीजन 23 अगस्त से ही शुरू हो गया है. ये सेलीब्रेशन है, चंद्रयान के चंद्रमा पर पहुंचने का. चंद्रमिशन की चांद पर पहुंचने में इसरो की बहुत बड़ी भूमिका रही है, लेकिन इसमें भारत की इंडस्ट्री ने भी बहुत बड़ा सहयोग किया है.
पीएमओ से जारी रिलीज के मुताबिक, बिजनेस 20 (बी20) वैश्विक बिजनेस समुदाय के साथ जी-2 का आधिकारिक डॉयलाग फोरम है. इसकी स्थापना 2010 में की गई थी और यह जी-20 के सबसे प्रमुख सहभागी समूहों में से एक है.
बी20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा कि यह उत्सव एक जिम्मेदार अंतरिक्ष कार्यक्रम चलाने के लिए है, यह उत्सव देश की प्रगति को गति देने के लिए है, ये उत्सव नवीनता का है, यह उत्सव अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के माध्यम से स्थिरता और समानता लाने के लिए है. ये है B20 समिट की थीम…! हमने अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनने का न्योता दिया है.
पीएम मोदी ने कहा, “कहते हैं, कोई भी आपदा आती है, बड़ा संकट आता है, तो वह हमें कुछ न कुछ सीख देकर जाता है. कुछ वर्ष पहले हम दुनिया की सबसे बड़ी महामारी से गुजरे हैं. इस संकट ने दुनिया के हर देश को, हर समाज को, हर बिजनेस हाउस को एक सबक दिया है- हमें अब सबसे ज्यादा इंवेस्ट आपसी भरोसे (Mutual Trust) पर करना है. भारत ने कोविड महामारी के दौरान टीके का उत्पादन बढ़ाकर करोड़ों लोगों का जीवन बचाया. साथ ही दर्शाया कि भारत संकट के समय में विश्व के साथ खड़ा है. कोरोना के दौरान जब दुनिया को दवाओं की जरूरत थी, तब भारत ने फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड के रूप में 150 से ज्यादा देशों को दवाएं उपलब्ध कराईं.”
भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आज भारत में दुनिया का सबसे युवा टैलेंट है. वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण है. भारत उद्योग 4.0 क्रांति का चेहरा है, और भविष्य की वैश्विक वृद्धि कारोबार क्षेत्र के भविष्य पर निर्भर है. अब हम हरित ऊर्जा पर ध्यान दे रहे हैं. हरित हाइड्रोजन में सौर ऊर्जा की सफलता को दोहराने का प्रयास कर रहे हैं. आप सभी जानते हैं कि व्यवसाय संभावनाओं को समृद्धि में, बाधाओं को अवसरों में और आकांक्षाओं को उपलब्धियों में बदल सकता है. चाहे वे छोटे हों या बड़े, वैश्विक हों या स्थानीय, व्यवसाय सभी के लिए प्रगति सुनिश्चित कर सकते हैं. भारत के साथ आपकी दोस्ती जितनी मजबूत होगी, उतनी समृद्धि दोनों को मिलेगी.







