पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कंपलेक्स में आज 21 जून को नवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। जहां राज्यसभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व मंत्री मंगल पांडे समेत बीजेपी के कई नेता योग करते दिखें। इस कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया, बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े, राज्यसभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पूर्व मंत्री मंगल पांडे, मेयर सीता साहू शामिल हुई।
वहीं, पटना के बोरिंग रोड स्थित एस के पूरी पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी और पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद पहुंचे। जहां सभी ने जमकर योग किया।

इस मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के विजन से आज दुनियाभर के करोड़ों लोग योग से जुड़ कर खुद को स्वस्थ बना रहे हैं। वहीं आज 170 देशों में पीएम मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। आज खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग करेंगे।
वहीं, मंगलवार को सीएम नीतीश की तबियत खराब होने के कारण चेन्नई जाने का प्लान अचानक कैंसिल होने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि वे हमारे बुजुर्ग हैं। जब उनसे भी बुजुर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योगा करते हैं और खुद को स्वस्थ रखते हैं तो उसी प्रकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी योग करना चाहिए। बिहार के मुख्यमंत्री होने के कारण उन्हें स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है।

वहीं, बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि जब 2014 में योग दिवस शुरू हुआ था तो हमें लगा था कि यह 1 या 2 साल तक ही चल पाएगा। लेकिन जिस तरीके से पूरे देश सहित विश्व के लोग योग से जुड़े, मैं तो प्रधानमंत्री का बहुत धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इतना अच्छा मौका देश को दिया है। महागठबंधन के लोग योग दिवस में शामिल नहीं हुए वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि इसलिए तो उन लोगों का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है। उन्हें इधर उधर दौड़ना पड़ता है।
विपक्षी दलों की हो रही बैठक को लेकर सुशील मोदी ने कहा यह बैठक असल में भाजपा मुक्त भारत नहीं बल्कि कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के लिए हो रही है। क्योंकि ममता बनर्जी कह रही है कि कांग्रेस को बंगाल में चुनाव नहीं लड़ना चाहिए यानी बंगाल कांग्रेस मुक्त हो जाए। अरविंद केजरीवाल कह रहे हैं दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। कोई कह रहे हैं कि तेलंगाना में कांग्रेस को चुनाव नहीं लड़ना चाहिए यानी यह जो क्षेत्रीय दल है वह कांग्रेस मुक्त भारत चाहते है। ऐसे में 23 को जो बैठक है वह वास्तव में भाजपा मुक्त भारत नही कांग्रेस मुक्त भारत बनाने के लिए है।
5000 से अधिक लोग एक साथ करेंगे योगासन
पटना में योग दिवस के आयोजन का जिम्मा बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन और पतंजलि वैलनेस को आयुष मंत्रालय की ओर से मिला है। इस बार पटना में पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स मैदान में योग दिवस का आयोजन होने जा रहा है। यहां 5000 से अधिक लोग एक साथ योगासन करेंगे। 45 मिनट के कार्यक्रम के दौरान सभी मन और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए योग क्रिया और प्राणायाम करेंगे।
पिछले 10 दिनों से योग दिवस को खास बनाने के लिए प्रभात फेरी निकाली गई थी। पतंजलि वैलनेस सेंटर के चिकित्सक डॉक्टर नितेश कुमार ने बताया कि उन लोगों ने 10 दिन पहले से नवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को खास बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी थी। कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कंपलेक्स के आसपास के क्षेत्र में 10 दिन पूर्व प्रभात फेरी निकाली गई और लोगों से डोर टू डोर जाकर योग दिवस में शरीक होने का निमंत्रण दिया गया है।







