बिहार में तपती गर्मी और लू से राहत (Bihar Weather Forecast) के आसार नहीं हैं। अगले 5 दिनों तक मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 जून तक ऐसी ही स्थिति रह सकती है। आईएमडी के अधिकारी पीयूष सिंह ने बताया कि राज्य के 12 जिले भीषण गर्मी की चपेट (Bihar Heatwave News) में हैं। अगले कुछ दिन मौसम में खास बदलाव के आसार भी नहीं हैं। इसका मतलब साफ है कि राजधानी पटना हो या फिर सूबे का दूसरा जिला, चिलचिलाती गर्मी अभी सताएगी।
रविवार को तापमान फिर पटना में 10 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए 42.5 डिग्री पर पहुंच गया है। इससे पहले वर्ष 2012 में चार जून को 44.1 डिग्री पर पहुंचा था। हालांकि, भागलपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां का तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि
पटना समेत प्रदेश के 20 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, राजस्थान के जयपुर, जैसेलमेर, जोधुपर का अधिकतम तापमान पटना से कम रहा। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, जैसलमेर का 36.0 डिग्री, जोधपुर का 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 11 जून तक प्रदेश में उष्ण लहर व लू का प्रभाव बना रहेगा।
इस दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि की संभावना है। इन मौसमी प्रभाव को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को पटना समेत प्रदेश के भागलपुर, वाल्मीकि नगर, सबौर, मोतिहारी, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, बांका लू की चपेट में रहे। वहीं, पूर्णिया, फारबिसगंज, खगड़िया, कटिहार में भीषण लू चली।
लू का प्रभाव बना रहेगा
अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के नौ शहरों के मुजफ्फरपुर, शेखपुरा, जमुई, बांका, नालंदा, सिवान, मधुबनी, सारण, नवादा में लू का प्रभाव बना रहेगा। प्रदेश के आठ जिलों के पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, सुपौल, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, पूर्वी चंपारण में भीषण उष्ण लहर का अलर्ट है।
पटना में भी 42 पार है पारा
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में चिलचिलाती गर्मी के साथ लू का अलर्ट जारी किया है। पूर्णिया, अररिया, भागलपुर, सुपौल, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, खगड़िया, पूर्वी चंपारण, जमुई, बांका और शेखपुरा में 8 जून तक तेज लू चलने की संभावना है। पटना, मधुबनी और सीवान में रविवार को लू चली और ऐसा ही मौसम 8 जून तक जारी रहने का पूर्वानुमान है।
खगड़िया-भागलपुर सबसे गर्म
राज्य में अधिकतम तापमान की बात करें तो खगड़िया और भागलपुर सबसे गर्म रहे। यहां रविवार को पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना की बात करें तो यहां दिन का तापमान 42.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम पारा 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मुजफ्फरपुर जिले में अधिकतम 38.8 डिग्री, गया में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने क्या दिया अपडेट
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, राज्य में अगले चार दिनों तक गर्मी से कोई राहत की स्थिति नजर नहीं आ रही। गया, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, बक्सर और औरंगाबाद में लू चलने की संभावना है। अधिकारी ने कहा कि इस तरह के मौसम की स्थिति पश्चिमी हवाओं की स्पीड के कारण होती है। अधिकांश शहरों में 8 जून तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है। इसका मतलब साफ है कि राज्य में अभी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।







