कल मंगलवार को बीजेपी के सदस्यों ने तेजस्वी के इस्तीफे की मांग को लेकर बवाल काटा। इस दौरान एक सदस्य ने माइक को नुकसान पहुंचाया। जिसके बाद उन्हें दो दिन के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने निलंबित कर दिया। नौकरी के बदले जमीन घोटाला मामले में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मंगलवार को तीसरी बार सीबीआई की पूछताछ में शामिल नहीं हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार मार्च और 11 मार्च को पेश नहीं होने पर यादव को मंगलवार को पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि तेजस्वी मंगलवार को तीसरे नोटिस पर भी पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। सीबीआई ने हाल में यादव के पिता और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी से क्रमश: दिल्ली और पटना में पूछताछ की थी। बताया जा रहा है कि बिहार विधानसभा में तेजस्वी को लेकर अभी हंगामा जारी रहेगा। इतना ही नहीं शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के रामचरितमानस मामले को भी बीजेपी ठंडा नहीं होने देगी। बीजेपी से जुड़े सूत्रों का मानना है कि बिहार विधानसभा को विपक्ष चलने नहीं देना चाहता है। इस बार एक भी कार्यवाही शुद्ध रूप से नहीं चली है। विपक्ष ने हर बार वॉक आउट किया है।
बीजेपी विधायक लखेंद्र पासवान के निलंबन के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक अगले दो दिन तक विधानसभा का बहिष्कार करेंगे, लेकिन वे विधानसभा परिसर में जरूर पहुंचेंगे। वहां वह शैडो विधानसभा की कार्यवाही करेंगे। यह शैडो विधानसभा की कार्यवाही बिहार विधानसभा की कार्रवाई के विरोध में आयोजित की जाएगी। भाजपा विधायक विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन और हंगामा करने की तैयारी कर रहे हैं।
लखेंद्र पासवान पर हुई कार्रवाई
दरअसल, मंगलवार को बीजेपी विधायक लखेंद्र पासवान अपना सवाल कर रहे थे। विधानसभा में वह पूरक सवाल पूछना चाहते थे। लेकिन, उन्हें मौका नहीं मिल रहा था। उनके माइक को बंद कर दिया गया था। फिर उन्होंने माइक को तोड़ दिया। उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 2 दिन के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद विधानसभा में भाजपा ने हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद बीजेपी विधायक बेल में आए और वॉकआउट कर दिया। उसके बाद बिहार विधान सभा के पोर्टिको में आकर धरना प्रदर्शन करने लगे। स्थिति ऐसी बनी कि विधानसभा अध्यक्ष को पूरी सुरक्षा के तहत बाहर निकाला गया। भाजपा ने अगले 2 दिन तक विधानसभा की कार्रवाई में भाग नहीं लेने का निर्णय किया है। लेकिन, उनके सभी विधायक विधानसभा में आएंगे और परिसर में शैडो विधानसभा की कार्रवाई करेंगे।
लैंड फॉर जॉब्स मामले की होगी गूंज
वहीं, लैंड फॉर जॉब्स मामले में लालू यादव, राबड़ी देवी समेत मीसा भारती की कोर्ट में पेशी होने को लेकर भी विधानसभा में हंगामा के आसार हैं। इसको लेकर आरजेडी भी प्रदर्शन कर सकती है। इधर, मंगलवार को प्रश्न उत्तर के बाद ध्यानाकर्षण के सवाल लिए जाएंगे।
वहीं, दूसरी पाली में 4 विभागों के बजट अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। इसमें उद्योग विभाग, पर्यटन विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के बजट अनुदान पर चर्चा की जाएगी। कटौती प्रस्ताव रखा जाएगा।







