दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय के समन पर बीआरएस एमएलसी के कविता उसके दिल्ली स्थित दफ्तर पहुंच गई हैं. उनसे दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है. ईडी के सूत्रों का कहना है कि इस मामले से जुड़ी हेरा-फेरी में कविता का सीधा लिंक है.
मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सिलसिले में एजेंसी उनका उनके एक कथित करीबी हैदराबाद के कारोबारी अरुण रामचंद्रन पिल्लई से करा सकती है. पिल्लई को एजेंसी ने एक हफ्ते पहले गिरफ्तार किया था.
कविता ने केंद्र सरकार पर जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जहां चुनाव होता है, वहां मोदी से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) पहुंच जाती है। कविता ने कहा मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगी। इससे पहले 12 दिसंबर 2022 को कविता से CBI हैदराबाद में करीब 7 घंटे पूछताछ कर चुकी है।
हैदराबाद में पोस्टर के जरिए भाजपा पर निशाना
हैदराबाद में भाजपा पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें दिखाया गया है कि हिमंत बिस्वा सरमा और ज्योतिरादित्य सिंधिया रेड के बाद भाजपा में शामिल हो गए। वहीं कविता रेड के बाद भी नहीं बदली। पोस्टर में कविता के लिए लिखा है कि सच्चे रंग कभी हल्के नहीं पड़ते।
हैदराबाद में KCR के घर के बाहर भारत राष्ट्र समिति (BRS) पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटना भी शुरू हो गई है।
कविता का करीबी ED की हिरासत में हैं
ED दिल्ली शराब नीति मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की शिकायतों की जांच कर रही है। मंगलवार को दिल्ली की एक कोर्ट ने हैदराबाद के एक व्यवसायी अरुण रामचंद्रन पिल्लई को 13 मार्च तक ED की हिरासत में भेजे जाने का आदेश दिया था। अरुण को के कविता का करीबी माना जाता है। पिल्लई पर आरोप है कि उसने शराब नीति में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपए भेजे थे।
कोर्ट ने एक और शराब कारोबारी अमनदीप ढल को 21 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा था। ED का आरोप है कि के कविता ‘साउथ कार्टेल’ का हिस्सा हैं, जिसने रिश्वत के जरिए दिल्ली की शराब नीति से बदलाव कर पैसा बनाया। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली शराब नीति की CBI जांच के आदेश दिए थे।
इसके बाद नीति को वापस लिया गया था। ED और CBI दोनों ने आरोप लगाया है कि साउथ कार्टेल’ लॉबी से रिश्वत की वजह से शराब नीति में बदलाव के समय अनियमितता बरती गई। साउथ कार्टेल में कथित तौर पर के कविवात, मगनुनता श्रीनिवासलु रेड्डी, आंध्र प्रदेश के वाईएसआरसीपी के एक सांसद शामिल थे।
शुक्रवार को बजट सत्र में महिला आरक्षण बिल के लिए भूख हड़ताल की
कविता ने शुक्रवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक दिन की भूख हड़ताल की। वे संसद के बजट सत्र में महिला आरक्षण बिल लाने की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि महिला आरक्षण बिल जरूरी है और इसे जल्दी से लाने की जरूरत है। इस दौरान उनके साथ AAP, अकाली दल, PDP, TMC, JDU, NCP, CPI, RLD, NC और समाजवादी पार्टी समेत कई पार्टियों के नेता भी मौजूद रहे।
दिल्ली शराब नीति केस में मनीष सिसोदिया गिरफ्तार
शराब नीति मामले में दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग के मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं। सिसोदिया को CBI ने 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। 10 मार्च को कोर्ट ने ED को मनीष सिसोदिया की 7 दिन की रिमांड दे दी। वहीं, कोर्ट सिसोदिया की जमानत याचिका पर अब 21 मार्च को दोपहर 2 बजे सुनवाई करेगी।







