दिल्ली एमसीडी की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आज भी हंगामे के साथ बैठक की शुरुआत हुई। पार्षदों को मोबाइल और पेन ले जाने की इजाजत नहीं दी गई है। इससे पहले 22 और 23 फरवरी की दरमियानी रात को एमसीडी की बैठक में अभूतपूर्व हंगामा हुआ था। हाथापाई और मारपीट के साथ ही एक दूसरे पर पानी की बोतलें फेंकी गई थी। हंगामे के चलते बैठक स्थगित करनी पड़ी थी। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (आप) पर अनियमितताएं बरतने का आरोप लगाते हुए नए सिरे से मतदान कराने की मांग की है।
दिल्ली नगर निगम (MCD) में स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 10 बजे फिर शुरू हुई। भाजपा पार्षदों ने आज फिर हंगामा और नारेबाजी की। स्टैडिंग कमेटी में 6 सदस्यों का चुनाव होना है। वहीं, चुनाव से AAP पार्षद पवन सहरावत शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। वे बवाना से पार्षद चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी और पार्षद भाजपा में शामिल होंगे।
इस बीच, मेयर शैली ओबरॉय ने सदन में पार्षदों के मोबाइल लाने पर पाबंदी लगा दी है। बुधवार और गुरुवार को भारी हंगामे के चलते कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। भाजपा ने AAP पर मतदान भंग करने की गोपनीयता का आरोप लगाया है।
अबतक 47 पार्षदों ने वोट डाले
दरअसल, स्थायी समिति के चुनाव के लिए 47 पार्षदों ने वोट डाल दिये हैं। लेकिन ये पार्षद वोटिंग के दौरान अपने साथ मोबाइल लेकर गए थे। बीजेपी इसका विरोध कर रही थी और दोबारा मतदान की मांग कर रही थी। वहीं एमसीडी की मेयर शैली ओबरॉय ने कहा था कि दोबारा वोटिंग नहीं होगी। जिसके बाद हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था। अब आज फिर से सदन की कार्यवाही हंगामे के साथ शुरू हुई। फिलहाल वोटिंग जारी है।
शैली ओबेरॉय ने मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी थी
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने पार्टी के ही अन्य सांसद मनोज तिवारी के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि भाजपा पार्षदों की आपत्ति के बावजूद, ‘आप’ की नव-निर्वाचित मेयर शैली ओबेरॉय ने मतदान के दौरान सदस्यों को मतदान क्षेत्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति दी। मतदान बुधवार शाम को शुरू हुआ था लेकिन भाजपा पार्षदों द्वारा महापौर के फैसले का विरोध करने के बाद प्रक्रिया बाधित हुई। उस समय महापौर सदन की अध्यक्षता कर रही थीं।







