दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से एक बड़ी मांग की है। केजरीवाल ने भारतीय करेंसी पर गांधी जी के साथ-साथ लक्ष्मी-गणेश की तस्वीर छापने की मांग की है। गुजरात चुनाव से पहले केजरीवाल ने हिंदुत्व का दांव खेला है। दिल्ली के सीएम ने कहा कि वह इसके लिए जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखेंगे।
केजरीवाल का हिंदुत्व कार्ड!
केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मेरी केंद्र सरकार और पीएम से अपील है कि भारतीय करेंसी पर एक तरफ गांधी जी की तस्वीर है, उसे वैसे ही रहने दें। दूसरी तरफ गणेश और लक्ष्मी जी की तस्वीर भारतीय करेंसी पर लगाया जाए। इससे पूरे देश को उनका आशीर्वाद मिलेगा। हम ये नहीं कह रहें हैं कि सारे नोट बदले जाएं, लेकिन जो नए नोट छपते हैं, उनके ऊपर ये शुरुआत की जा सकती है और धीरे धीरे करके सर्कुलेशन में ये नए नोट आ जाएंगे।
इंडोनेशिया का किया जिक्र
केजरीवाल ने कहा कि इंडोनेशिया एक मुस्लिम देश है, वहां 2 पर्सेंट से भी कम हिंदू हैं, लेकिन उन्होंने भी अपने नोट पर गणेश जी की तस्वीर छाप रखी है। ये बहुत अहम कदम है, जो केंद्र सरकार को उठाना चाहिए। देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा, ऐसी मुझे उम्मीद है। हम लोग अक्सर प्रयास करते हैं, लेकिन अगर देवी देवताओं का आशीर्वाद ना हो, तो वो प्रयास फलीभूत नहीं होते हैं। इसीलिए ये सुझाव मन में आया।
मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए उनके बयान को हास्यास्पद बताया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि भारतीय करेंसी पर गांधीजी के साथ लक्ष्मी-गणेश की फोटो होनी चाहिए। इस पर भाजपा नेता मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल के बयान को हास्यास्पद बताते हुए इसे वोट के लिए धर्म का ढोंग कहा है।
केजरीवाल के प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ ही देर बाद बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा सामने आए। संबित पात्रा ने सीएम केजरीवाल पर कई हमले किये। संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जो थोड़े दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कह रहे थे कि अगर गलती से आपने दिवाली मना ली तो आपको जेल में डाला जाएगा, आज वे अचानक लक्ष्मी जी और गणेश जी के विषय में बोलते हुए पाए जा रहे हैं। संबित पात्रा ने कहा कि केजरीवाल ने स्वास्तिक का मजाक उडा़या और कभी राम मंदिर का भी विरोध किया था। याद दिला दें कि दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कुछ वक्त पहले एक तस्वीर ट्वीट की थी। इस तस्वीर में हिंदू धर्म के पवित्र चिह्न स्वास्तिक जैसा एक चिह्न दिख रहा था, जिसके पीछे एक आदमी झाड़ू लेकर दौड़ रहा है। इस तस्वीर को ट्वीट करते हुए केजरीवाल ने लिखा था कि यह मुझे किसी ने ये भेजा है। केजरीवाल के इसी ट्वीट के बाद उनपर हिंदुओं के अपमान का आरोप लगा था।
बहरहाल अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने आगे कहा कि महादेव और राम का आशीर्वाद है तभी तो आज से एक दशक पहले जो हिनुदुस्तान आर्थिक रूप से 11वें नबंर पर था वो आज 5वें नंबर है। आज भारत का विकास दर उज्जवल भविष्य को दिखा रहा है। संभावना है कि विश्व मंदी के चपेट में आ सकती है लेकिन भगवान की जो कृपा नरेंद्र मोदी पर है उसकी वजह से भारत की अर्थव्यवस्था पीछे नहीं जाएगी। पीएम मोदी पर मां लक्ष्मी और गणेश पर कृपा है। केजरीवाल को लेकर संबित पात्रा ने कहा कि जहां तक दिल्ली की अर्थव्यवस्था का सवाल है तो दिल्ली की सरकार प्रचार प्रसार में पैसे खर्च करती है। वो लक्ष्मी-गणेश पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। ये गलत बात है।
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि देवी-देवताओं के अपमान के बाद केजरीवाल हिंदू बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर की जगह अस्पताल बनाने की बात कही थी। मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा पहले से ही भारत पर है। संबित पात्रा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो भी है जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं तो उस मंदिर में पूजा करने नहीं जाऊंगा क्योंकि वहां पूजा भगवान स्वीकार नहीं करेंगे। आज अरविंद केजरीवाल ने यू-टर्न ले लिया है। ये वहीं अरविंद केजरीवाल हैं जिनके बहुत सारे हिंदू-विरोधी पोस्ट आज भी मौजूद हैं। दिवाली की पूजा स्वास्तिक चिह्न के बीना पूरी नहीं होती है। स्वास्तिक बनाने पर ही पूजा पूर्ण होती है। इसी स्वास्तिक चिह्न के ऊपर झाड़ू चलाने और उसपर हंसने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया था। वहीं अरविंद केजरीवाल आज भक्त बनने की कोशिश कर रहे हैं।
संबित पात्रा ने कहा कि यह वहीं अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने कश्मीरी पंडितों पर बनी फिल्म का मजाक उड़ाते हुए इस फिल्म की कहानी को झूठा बताया था। केजरीवाल की सरकार ने कश्मीरी पंडितों को दिल्ली में नौकरी देने से इनकार कर दिया था। यह वहीं केजरीवाल हैं जिनके एक मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कुछ ही दिनों पहले हिंदू देवी-देवताओं पर हंसने का काम किया था। उन्होंने लक्ष्मी और गणेश का भी उपहास किया था। केजरीवाल ने अपने मंत्री को सिर्फ दिखाने के लिए मंत्री पद से हटा दिया था। वो आज भी केजरीवाल के विधायक थे। हिंदुओं पर हंसने वाले केजरीवाल आज अचानक हिंदू बनने की कोशिश कर रहे हैं जो यू-टर्न की पराकाष्ठा है।
कांग्रेस पार्टी को भी केजरीवाल का आइडिया पसंद नहीं आया है। कांग्रेस नेता सलमान सोज ने तो केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा है कि यदि ऐसा करने से समृद्धि आ सकती है तो अल्लाह, जीसस और गुरु नानक आदि को भी शामिल करना चाहिए।
कांग्रेस नेता सलमान अनीस सोज ने ट्वीट करते हुए कहा, ”प्रिय अरविंद केजरीवाल, यदि लक्ष्मी और गणेश समृद्धि ला सकते हैं, तो हमें और अधिक समृद्धि सुनिश्चित करनी चाहिए और अल्लाह, जीसस, गुरु नानक, बुद्ध और महावीर को भी शामिल करना चाहिए।”
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और उन्हें बीजेपी की बी टीम बताया। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान जाएं तो खुद को पाकिस्तानी भी कह सकते हैं। संदीप दीक्षित ने एएनआई से बातचीत में कहा, ”वह बीजेपी और आरएसएस की बी टीम हैं। उनकी कोई समझ नहीं है। यह उनकी वोट की राजनीति है। यदि वह पाकिस्तान जाएं तो वह कह सकते हैं कि मैं पाकिस्तानी हूं, इसलिए मुझे वोट दें।”




