बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाये जाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए रविवार को कहा कि भाई–बहन बेरोजगार हो गए हैं तो बेरोजगारी दिवस मनाना स्वाभाविक है। भाजपा प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार बिहार आये श्री तावड़े ने रविवार को यहां ज्ञान भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘मोदी@20 सपने हुए साकार’ के लोकार्पण के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के खिलाफ जब कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर बोलने को कुछ नहीं मिल रहा‚ तो उनके जन्मदिन पर बेरोजगार दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा‚ ‘भाई–बहन बेरोजगार हो गये हैं‚ तो ऐसा करना स्वाभाविक है।’ श्री तावड़े ने कहा कि श्री मोदी ने आज यह बता दिया कि बिना जनप्रतिनिधि और बिना मंत्री बने भी बहुत कुछ किया जा सकता है। संगठन में भी बहुत कुछ किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज जनता परिवारवाद और भ्रष्टाचार मुक्त देश चाहती है। तुष्टिकरण से नहीं‚ बल्कि सबका साथ सबका विकास से देश आगे बढेगा। यही कारण है कि सारी योजनाएं इसी मूल मंत्र के आधार पर बनती हैं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा‚ ‘आज मैं जब पहली बार आया हूं तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की उंगली पकड़कर आया हूं‚ जिन्होंने अमेठी में राहुल गांधी को हरा दिया। यही कारण है कि मैं जिस सपने को लेकर बिहार आया हूं वह जरूर पूरा होगा।’ इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि मोदी के मध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के जीवन को पढ सकते हैं। श्री मोदी ने संघर्ष में मुकाम को खोजा है। विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला कर मनुष्य किस प्रकार से अपनी मंजिल के रास्ते पर चल सकता है‚ यह उनके जीवन से जाना जा सकता है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी‚ गिरिराज सिंह‚ अश्विनी कुमार चौबे‚ नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा‚ पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद‚ रामकृपाल यादव‚ शाहनवाज हुसैन‚ पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी‚ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह‚ नंदकिशोर यादव‚ भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव चौरसिया‚ विधायक अरुण कुमार सिन्हा समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।







