बिहार में अलग-थलग पड़ी भारतीय जनता पार्टी ने राज्य के दो बड़े विरोधी दलों को बड़ा झटका दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड को भाजपा झटके पर झटके देते जा रही है। पहले तो भाजपा ने मणिपुर में जदयू के विधायकों को अपने साथ कर लिया और अब दमन व दीव में भी ऐसा ही झटका दे दिया है। इस राज्य में जदयू की पूरी इकाई और कई पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल हो गए हैं। दूसरी तरफ, भाजपा ने लालू यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी राजद को भी झटका दिया है।
राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव आए भाजपा में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव अजीत यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने अजीत को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर मिलन समारोह को संबोधित करते हुए जायसवाल ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का शामिल होना पार्टी की लोकप्रियता को दर्शाता है।
नवादा जिले में अजीत यादव की अच्छी ताकत
नवादा जिले से बड़ी संख्या में राजद के कार्यकर्ता का भाजपा में शामिल होना यह साबित करता है कि लालू और तेजस्वी यादव से लोगों का मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि जिला पार्षद के पद पर रहते हुए अजीत यादव ने नवादा जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। अजीत के भाजपा में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कहा कि बेमेल गठबंधन के कारण बिहार की जनता रुष्ट है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है। इस अपमान का बदला बिहार की जनता अवश्य लेगी। बिहार में विकास के नित्य दिन नए आयाम गढ़े जा रहे थे पूरे विश्व भर में बिहार के लोगों को सम्मान की नजर से लोग देखने लगे थे, किंतु जिस प्रकार का माहौल बिहार में बनाया जा रहा है इससे बिहार की छवि धूमिल हो रही है। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के नवादा जिला भाजपा के अध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।







