प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब और हरियाणा के दौरे पर रहेंगे जहां वे फरीदाबाद में अमृता अस्पताल तो मोहाली में होमी भाभा कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे । पहला कार्यक्रम हरियाणा के फरीदाबाद में सुबह 11 बजे होगी वहीँ दूसरा कार्यक्रम पंजाब के मोहाली में दोपहर 2:15 बजे होगी ।
प्रधानमंत्री द्वारा फरीदाबाद में अमृता अस्पताल के उद्घाटन के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा अवसंरचना उपलब्ध हो जायेगी। इस अस्पताल का प्रबंधन माता अमृतानन्दमयी मठ द्वारा किया जायेगा। यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 2600 बिस्तरों का है। अस्पताल की निर्माण लागत करीब 6000 करोड़ रुपये है ।
उसके बाद प्रधानमंत्री पंजाब के मोहाली जिले में स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में 300 बिस्तर की सुविधा होगी और यह अत्याधुनिक सुविधाओं जैसे एमआरआई, सीटी, मैमोग्राफी, डिजिटल रेडियोग्राफी और ब्रैकीथेरेपी से युक्त है। अस्पताल में कैंसर के उपचार के लिए सभी उपचार विधियां उपलब्ध होंगी जिसमें कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण शामिल है। अस्पताल को टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा 660 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।







