प्रधानमंत्री (Prime Minister) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने आज पीएम आवास पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (Commonwealth Games 2022) के पदक विजेताओं से मुलाकात की. पीएम मोदी अपने आवास पर ही खिलाड़ियों से मिलकर उनसे बातचीत की. खिलाड़ियों ने पीएम मोदी के साथ अपना कॉमनवेल्थ गेम्स का अनुभव साझा किया. इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) और खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी वहां मौजूद थे. पीएम मोदी ने एथलीटों से बर्मिंघम (Birmingham) रवाना होने से पहले मुलाकात की थी. पीएम मोदी ने वादा किया था कि जब खिलाड़ी लौट के आएंगे तो वह उनसे मुलाकात करेंगे. पीएम ने अपना वादा पूरा किया और खिलाड़ियों से मिलकर बातचीत की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- हॉकी में हम जिस तरह अपना पुराना रुतबा हासिल कर रहे हैं वह काबिले तारीफ है। मेंस और विमेंस दोनों टीमें बधाई की पात्र हैं। हमें खुशी है कि कई खेलों में मेडल जीतने के करीब थे। यह सुकून देने वाला था। बेटियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। पूजा ने सिल्वर मेडल जीतने के बाद देश से माफी मांगी और भावुक हो गईं। उनके साथ पूरा देश भावुक हुआ और सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि उन्हें माफी मांगने की जरूरत नहीं है।
बेटियाें का शानदार प्रदर्शन
मोदी ने आगे कहा कि कॉमनवेल्थ में बेटियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। मैंने ओलिंपिक गेम्स के बाद विनेश से कहा था कि निराश होने की जरूरत नहीं है। मुझे खुशी है कि विनेश ने निराशा को आशा में बदलने में सफल हुई हैं। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। जूडो, कुश्ती, बॉक्सिंग हर क्षेत्र में बेटियों ने मान बढ़ाया है।वहीं आपकी ये जज्बा देश की बेटियों को प्रेरित करेगी।

पीएम मोदी ने कहा कि गर्व की बात है कि आपकी मेहनत और प्रेरणादायी उपलब्धि से देश आजादी के अमृत काल में प्रवेश कर रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में, राष्ट्र ने खेल के क्षेत्र में दो प्रमुख उपलब्धियां दर्ज की हैं। राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन के अलावा, देश ने पहली बार शतरंज ओलिंपियाड की मेजबानी की।
आप मेडल जीत रहे थे, लोग आपके लिए रात में जग रहे थे
मैंने आपसे कॉमनवेल्थ गेम्स में जाने से पहले कहा था कि आप जीतकर आओगे तो आप लोगों के साथ विजय उत्सव मानऊंगा। आप सभी को मेडल जीतने पर बधाई। आप बर्मिंघम में मुकाबला कर रहे थे, वहीं करोड़ों भारतीय रात में जागकर आपकी जीत के लिए दुआ करते थे। खेलों के प्रति दिलचस्पी बढ़ाने में आप लोगों का बहुत बड़ा योगदान रहा है।

आप आज के युवाओं के रोल मॉडल
पीएम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा- जिस तरह से देश की आजादी के लिए हमारे वीर सपूत उतरे थे, उसी तरह आप भी मैदान में क्षेत्रीय भेदभाव को भूलकर एक साथ देश के लिए मेडल जीतने के लिए उतरते हैं। अभी ये शुरुआत है। हम इतने संतुष्ट होकर बैठने वाले नहीं हैं। भारत का खेलों का स्वर्णिम काल शुरू हो चुका है। खेलों इंडिया और टॉप्स ने नई प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वूपर्ण योगदान है। अब आप एशियन गेम्स और ओलिंपिक गेम्स की तैयारी करें।


रेसलिंग और वेटलिफ्टिंग में आए हैं सबसे ज्यादा मेडल
भारतीय एथलीटों ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में सबसे ज्यादा मेडल रेसलिंग और वेटलिफ्टिंग में जीते हैं। भारत 18वीं बार इन खेलों में हिस्सा ले रहा था और इसमें कुल 104 पुरुष और 103 महिलाओं ने हिस्सा लिया। भारत के लिए पुरुषों ने 35 और महिलाओं ने 26 मेडल अपने नाम किए। रेसलिंग में भारत ने कुल 12 मेडल अपने नाम किए। इस खेल में भारतीय पहलवानों ने 6 गोल्ड एक सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीते।

वहीं, वेटलिफ्टिंग में भारत ने कुल 10 मेडल जीते। स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, अचंता शेउली और जेरेमी लालरिनुंगा ने गोल्ड पर कब्जा जमाया। वेटलिफ्टिंग के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा बॉक्सिंग में 7 मेडल जीते।


मेडल जीतने वाले खिलाड़ी
22 गोल्ड- मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टीटी पुरुष टीम, सुधीर, बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश, नवीन, भाविना, नीतू, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन, शरत-श्रीजा, पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक-चिराग, शरत।
16 सिल्वर- संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम, अब्दुल्ला अबोबैकर, शरथ-साथियान, महिला क्रिकेट टीम, सागर, पुरुष हॉकी टीम।
23 ब्रॉन्ज- गुरुराजा, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस, सोनलबेन, महिला हॉकी टीम, संदीप कुमार, अन्नू रानी, सौरव-दीपिका, किदांबी श्रीकांत, त्रिषा-गायत्री, साथियान।







